
Ranchi : भारतीय महिला हाकी टीम की ओर से निक्की प्रधान और सलीमा टेटे भी टोक्यो ओलंपिक में शामिल हो रही हैं. 17 जुलाई को ओलंपिक गेम्स में भाग लेने वे टोक्यो जा रही हैं. दोनों का शुक्रवार को हॉकी झारखंड एवं झारखंड राज्य कुश्ती संघ के विभिन्न जिला के पदाधिकारी एवं खिलाड़ियों ने आनलाइन उत्साहवर्धन किया.
कार्यक्रम में हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह की अगुवाई में झारखंड के सभी 24 जिलों के पदाधिकारी एवं कई खिलाड़ियों ने दोनों स्टार खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.

भोलानाथ सिंह ने कहा कि आप दोनों इतना अच्छा प्रदर्शन करें कि भारतीय टीम पदक जीत कर इतिहास बनाये. महिला हॉकी में अपना पहला पदक जीते. साथ ही साथ 1980 के बाद हॉकी में पदक का सूखा समाप्त करते हुए हॉकी के माध्यम से भारत की झोली में पदक लायें.
इसे भी पढ़ें :SBI के कस्टमर ध्यान दें, जानिये आज से 2 दिनों तक कौन सी सेवाएं रहेंगी बाधित
सलीमा के मां-पिता ने भी जताया भरोसा
कार्यक्रम में सिमडेगा और खूंटी जिला के विभिन्न गांव के खिलाड़ी, जेएसएसपीएस के कई कुश्ती खिलाड़ी, नवल टाटा हॉकी एकेडमी के हॉकी खिलाड़ी के अलावे झारखंड के कई जिलों के हॉकी एवं कुश्ती खिलाड़ियों ने भी भाग लिया. इनके अलावा कार्यक्रम में सलीमा टेटे के माता-पिता एवं गांव के लोग भी शामिल हुए.
जूम ऐप द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सलीमा टेटे और निक्की प्रधान भी शामिल रहीं. हॉकी झारखंड के माध्यम से इस तरह से किये गये उत्साहवर्धन से काफी गदगद हुईं. कहा कि पहली बार हम लोगों को इस तरह से चीयर अप किया जा रहा है. इससे हमारा उत्साह और अधिक हो गया है.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : सरकार ने दिया सबसे बड़ा ऑर्डर, 14 हजार 500 करोड़ में खरीदी जाएंगी 66 करोड़ वैक्सीन
हम निश्चित रूप से आप लोगों की जो उम्मीद है, उसे पूरा करने का शत प्रतिशत प्रयास करेंगे. भारतीय टीम पदक जीत कर आये, इसके लिए पूरा दमखम लगायेंगे. इतिहास बनाने की कोशिश रहेगी.

कार्यक्रम में हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, राजनीश कुमार, हॉकी सिमडेगा से मनोज कोनबेगी, हॉकी खूंटी से अशोक भगत, दशरथ महतो, हॉकी रांची, धनबाद, देवघर, जामताड़ा सहित सभी 24 जिलों के अध्यक्ष, सचिव ने भी शामिल होकर दोनों खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें :Updated News : पंचायतों को 6 महीने का विस्तार तो मिला, लेकिन नयी व्यवस्था पर निर्णय बाकी




