
Ranchi: भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन आज प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों में कुल 70 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में लगभग 15हजार से अधिक लोगों को चिकित्सीय सलाह के साथ दवा उपलब्ध कराई गई. स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में पार्टी पदाधिकारी ,सांसद विधायकगण,जनप्रतिनिधियों , कार्यकर्त्ताओं ने बढ़-चढकर भाग लिया. इसी क्रम में रांची ग्रामीण जिला अंतर्गत रातु प्रखंड के तिलता गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने किया. इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में चित्र प्रदर्शनी एवं रक्तदान के साथ शुरू हुआ भाजपा का सेवा पखवाड़ा

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है. भाजपा के कार्यकर्ता समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले कार्यकर्ता हैं. भाजपा की राजनीति सत्ता के लिए नही बल्कि समाज परिवर्तन के लिए है. पार्टी अंत्योदय के लिए समर्पित एवं संकल्पित है. उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर आज प्रदेश के साथ सम्पूर्ण देश में भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्य से जुड़े हैं. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी ने सेवा ही संगठन की धारा को और तेज किया है. सेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नही बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है. समाज में इस भाव को मजबूत करने केलिए समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरूरत है.




