
New Delhi: Netflix अपने यूजर्स को एक बड़ा झटका दे रहा है. कंपनी भारत समेत अन्य बाजारों में आज से यूजर्स के लिए पासवर्ड-शेयरिंग क्रैकडाउन लेकर आ रही है. इसका मतलब है कि आज यानी 20 जुलाई से यूजर्स अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ अपने Netflix अकाउंट का पासवर्ड शेयर नहीं कर पाएंगे.
कंपनी भेज रही ईमेल
भारत में Netflix यूज कर रहे लोगों को शुरुआत में एक ईमेल आएगा. इसमें यूजर्स को अकाउंट यूज को लेकर कुछ स्टेप्स की जानकारी दी जाएगी. नए रिस्ट्रिक्शन की जानकारी Netflix ने गुरुवार 20 जुलाई की सुबह दी है. अपडेट के मुताबिक, Netflix शुरुआत में उन यूजर्स को ईमेल भेजेगा, जो सिंगल अकाउंट को एक से ज्यादा डिवाइस पर यूज कर रहे हैं.
इस ईमेल में बताया जाएगा कि एक सिंगल अकाउंट को सिर्फ एक परिवार ही यूज कर सकता है. परिवार के बाहर के व्यक्ति को अपनी प्रोफाइल दूसरे अकाउंट पर ट्रांसफर करनी होगी. दरअसल, कंपनी इस ईमेल में डिवाइसेस को ट्रैक करने के लिए एक लिंक देगी. इस पर जाकर आप उन डिवाइसेस को ट्रैक कर सकते हैं, जिनमें आपका अकाउंट लॉग्ड इन है.
अगर आपका अकाउंट किसी अनजान डिवाइस पर लॉगइन है, तो आप उसे लॉगआउट भी कर सकते हैं. इसके अलावा आपके पास पासवर्ड चेंज करने का भी ऑप्शन है. कंपनी का कहना है कि अगर कोई बाहर वाला आपके अकाउंट को यूज कर रहा है, तो वो अपनी प्रोफाइल को दूसरे अकाउंट पर ट्रांसफर कर सकता है.
भारत में आप एक ही Netflix अकाउंट को अलग-अलग डिवाइसेस पर एक ही परिवार में यूज कर सकते हैं. इसका फायदा उठाकर लोग अलग-अलग ग्रुप में एक ही अकाउंट को शेयर कर रहे थे. मसलन दोस्तों का एक ग्रुप नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन लेता और फिर बिल को आपस में बांट लेता, लेकिन अब आपका ऐसा नहीं कर सकेंगे.
क्यों लिया यह फैसला?
नेटफ्लिक्स पहले अकाउंट पासवर्ड-शेयरिंग को सपोर्ट करता था. कंपनी लंबे समय से पासवर्ड शेयरिंग को रेवेन्यू में नुकसान की वजह मानती आई है. साल 2023 की शुरुआत में कंपनी ने ये कदम अपने घरेलू मार्केट यानी अमेरिका में भी उठाया था. इसके बाद कंपनी ने मई में इस पॉलिसी का विस्तार 100 से ज्यादा देशों में किया. बता दें कि कंपनी ने पिछले साल पासवर्ड-शेयरिंग क्रैकडाउन की टेस्टिंग शुरू की थी. इससे कई यूजर्स में निराशा देखने को मिली.
फिर 2023 में इसे कनाडा, न्यूजीलैंड, पुर्तगाल, स्पेन और अमेरिका सहित कई अन्य देशों में पेश किया गया. कुछ उपरोक्त बाजारों में, नेटफ्लिक्स ने उन लोगों को पासवर्ड शेयर करने की सुविधा दी, जो अपने दोस्तों के लिए अतिरिक्त पेमेंट कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र: रायगढ़ में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड, 5 लोगों की मौत, 100 लोग फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी




