
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की बैठक में शरद पवार का उत्तराधिकारी चुनने के लिए गठित की गई समिति ने प्रस्ताव दिया है कि शरद पवार एनसीपी के अध्यक्ष पद पर बने रहें. बीते मंगलवार को शरद पवार ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफ़े की घोषणा की थी. इसके बाद मंच पर ही एनसीपी के बड़े नेताओं सहित कार्यकर्ता शरद पवार से अपना फ़ैसला वापस लेने की भावुक अपील करने लगे जिसके बाद पवार अपने फ़ैसले पर दोबारा विचार करने के लिए राज़ी हुए थे. शरद पवार ने अब तक अपना इस्तीफ़ा वापस लेने की समर्थकों की अपील पर अंतिम फैसला नहीं लिया है.

इस बीच नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने पार्टी की बैठक के बाद मीडिया को बताया है कि शरद पवार का इस्तीफ़ा नामंज़ूर कर दिया गया है. उन्होंने कहा, “शरद पवार जी ने दो मई को अचानक अपने इस्तीफ़े की घोषणा कर दी. उन्होंने आगे की कार्रवाई और नया अध्यक्ष चुनने के लिए पार्टी नेताओं की एक कमेटी गठित की.” “आज हमने इस कमेटी की मीटिंग की. कई नेताओं ने पवार साहेब से मुलाकात की जिसमें मैं भी शामिल था. हमने उनसे बार-बार ये आग्रह किया कि वे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करें क्योंकि देश और पार्टी को इस घड़ी में उनकी ज़रूरत है.”
उन्होंने कहा, “पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की मांगों को मद्देनज़र रखते हुए हमने आज बैठक की और सर्व सम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया. कमेटी ने आम सहमति से उनका इस्तीफ़ा अस्वीकार कर दिया है. हम उनसे पार्टी का अध्यक्ष बने रहने का आग्रह करते हैं.”




