
Ranchi: बढ़ती गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है. आने वाले दिनों में भी तापमान में वृद्धि होते रहेगी. जिससे लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा. वहीं, दो अप्रैल तक तापमान में तीन डिग्री वृद्धि की जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दी गयी है. ऐसे में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- रातू रोड : फ्लाईओवर के साथ सड़क निर्माण भी शुरू, मिलेगी राहत
पिछले 28 घंटे की बात करें तो गढ़वा का तापमान 39 डिग्री रहा. चाईबासा का तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं रामगढ़, बोकारो और सिमडेगा का तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा. चतरा, देवघर, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रांची का तापमान 36 से 36.8 डिग्री के बीच तापमान रहा. धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा.
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य में 30 और 31 मार्च को बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है. 30 और 31 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होगी. इसमें दक्षिणी, पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य हिस्सा शामिल है.
इन जिलों में रांची, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, पलामू, गढ़वा, गोड्डा समेत अन्य हिस्सों में बारिश की संभावना है. ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. इस दौरान बारिश के साथ ही कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने की जानकारी दी गयी है.




