JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

सांसद निशिकांत का दावाः शिबू सोरेन की विरासत को बचाने के लिए जून-जुलाई तक बसंत सोरेन छोड़ देंगे झामुमो, कल्पना अगली सीएम

Ranchi/Dumka : गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा करते हुए कहा है कि मंत्री और झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के बेटे बसंत सोरेन जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में दुमका के एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में पेश होने को शनिवार को दुमका पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया से सवाल जवाब के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि शिबू सोरेन की विरासत को बचाने के लिए उनके छोटे पुत्र बसंत सोरेन जून-जुलाई तक झामुमो छोड़ देंगे. यह भी दावा किया कि वर्ष 2025 आते-आते झामुमो कई टुकड़ों में बंट जायेगा. कोई झामुमो सोरेन बनेगा,  तो कोई झामुमो चंपाई तो कोई झामुमो मथुरा गुट बनायेगा. झामुमो का सिंबल भी जब्त हो जायेगा. निशिकांत ने भविष्यवाणी करते कहा कि कल्पना सोरेन के सीएम बनने के बाद जो पहला आदमी सोरेन परिवार से निकलने वाला है, वह भाई बसंत है. वह कभी भी आंदोलनकारी को छोड़ कर अपने पिता की विरासत को भाभी को नहीं सौंप सकते हैं. ऐसे में अगले दो-तीन माह में वे पार्टी छोड़ देंगे.

अंजया स्टील है हेमंत सोरेन की बेनामी संपत्ति

निशिकांत दुबे ने कहा कि हजारीबाग में एक कंपनी है इनलैंड पावर. इसने हजारीबाग के झामुमो जिला अध्यक्ष बास्की के अकाउंट में करोड़ों रुपया जमा किया है. यह राशि बास्की द्वारा जमशेदपुर के अंजया स्टील को भेजी जा रही है. व्यक्तिगत तौर पर निशिकांत ने माना कि अंजया स्टील हेमंत सोरेन की बेनामी संपत्ति है. आज नहीं तो कल, इसका बड़ा खुलासा होने वाला है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर इनलैंड पावर क्यों करोड़ों रुपया झामुमो जिला अध्यक्ष बास्की के खाता में देगा?  सारा बैंक अकाउंट ईडी को दिया गया है. यहां सिर्फ जमीन की ही लूट नहीं बल्कि फैक्ट्री की भी लूट हुई है. संपत्ति बनायी गयी है. जब लोकपाल की जांच बढ़ेगी जिसमें शिबू सोरेन उसकी पत्नी और परिवार के लोग दायरे में आएंगे तो सोरेन परिवार में सीता सोरेन और उसके परिवार के अलावे कोई भी चुनाव लड़ने के लायक नहीं रहेंगे.

कल्पना सोरेन होंगी झारखंड की अगली सीएम

निशिकांत दुबे ने कहा कि उनकी बातों को झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य हवा में उड़ा देते हैं. जिस दिन सरफराज अहमद ने त्यागपत्र दिया था, उसी वक्त उन्होंने कहा था कि सरफराज अहमद राज्यसभा के सदस्य होंगे और वह सच साबित हुआ. कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा की उम्मीदवार होंगी, वह भी सत्य साबित हुई. अब तीसरी भविष्यवाणी यह है कि जिस दिन कल्पना चुनाव जीत कर आयेंगी, धक्का मार कर चंपाई सोरेन को बाहर कर देंगी. वह इस प्रदेश की सीएम होंगी क्योंकि हेमंत सोरेन को बेल मिलने नहीं जा रहा है. दो बातें सत्य हो चुकी हैं, तीसरी बात भी सत्य होगी.

चंपाई सोरेन को सोचने का समय आ गया

निशिकांत के मुताबिक, यह चंपाई सोरेन को तय करना है कि आंदोलनकारी नेता होगा या किसी की बहू, बेटा, बेटी होने से नेता बन जायेगा. यह झामुमो के पूरे कैडर को सोचना होगा. सीता सोरेन झामुमो से निकल चुकी हैं. वर्तमान समय में बीजेपी की उम्मीदवार हैं. लोबिन हेंब्रम किसी भी दिन पार्टी से निकल जाएंगे और हो सकता है वे राजमहल से चुनाव लड़ें. चमरा लिंडा भी उसी राह पर चल रहे हैं. चंपाई सोरेन को सोचने का समय आ गया है.

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से ही वे दुर्गा सोरेन की मौत की जांच की मांग कर रहे हैं. किसी भी व्यक्ति की अस्वाभाविक मौत होती है तो बगैर पोस्टमार्टम के शव कैसे जला दिया गया. 16 तारीख तक वे स्वस्थ थे. चुनाव परिणाम आने पर दुर्गा सोरेन ने उन्हें बधाई दी. शाम में बोकारो में किसी शादी समारोह में शिरकत करने वाले थे. लोग उनका इंतजार करते रहे लेकिन वे नहीं पहुंचे. एक स्वस्थ व्यक्ति की अचानक मौत कैसे हो सकती है. शव का पोस्टमार्टम होना चाहिए था जो नहीं हुआ. इसलिए इस मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए. जब बीजेपी की सरकार बनेगी तो निश्चित रूप से इस मामले की सीबीआइ जांच करायी जायेगी.

इसे भी पढ़ें – बाबूलाल को बीजेपी फिर सीएम का सपना दिखा रही : सुप्रियो

Related Articles

Back to top button