
Chakradharpur: सिंहभूम से सांसद निर्वाचित होने के बाद जोबा माझी सोमवार को पहली बार मनोहरपुर पहुंची. इस दौरान सांसद जोबा माझी का झामुमो कार्यकर्ता और समर्थकों ने फॉरेस्ट नाका चौक में स्वागत किया. पार्टी के वरिष्ठ नेता सह ज़िला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. साथ ही कार्यकर्ताओं ने जीत की बधाई दी. वहीं स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि एक आंदोलनकारी की विधवा को मनोहरपुर की जनता ने जो मान-सम्मान दिया है उसका हमेशा ऋणी रहूंगी. उन्होंने समर्थकों से कहा कि क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराना और झारखंड सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाए.
सांसद मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के गुदड़ी प्रखंड के टोमडेल पंचायत के गितिलउली गांव पहुंची. जहां ग्रामीणों सहित इंडिया महागठबंधन के नेताओं ने स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए सांसद चुने जाने पर अभिनंदन किया. बारिश के बीच ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जोबा माझी ने कहा जल, जंगल और जमीन और जंगल में बसे ग्रामीणों के मौलिक अधिकारों के लिए संघर्षरत हूं. उन्होंने अपने दिवंगत पति पूर्व विधायक देवेंद्र माझी के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि देवेंद्र माझी का सपना जल्द पूरा होगा. उन्होंने गुदड़ी प्रखंड में किये जा रहे विकास कार्यों से ग्रामीणों को अवगत कराया. साथ ही कहा की झारखंड सरकार के द्वारा चलाये जा रहे योजनाओं का लाभ लें.
जोबा माझी ने कहा कि स्कूली बच्चे पढ़ाई में ध्यान दें सरकार आपको हर सुविधा उपलब्ध करा रही है. सरकार भोजन के अलावा पाठ्य पुस्तक, साईकिल और वस्त्र भी दे रही है. इसके अलावा अन्य जो भी कमियां है उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. सांसद जोबा माझी सोमवार को मनोहरपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय मनीपुर में छात्रों के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को संबोधित कर रही थी. इस दौरान उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से आप अपनी मंजिल तक पहुंच सकते है. मौके पर मनोहरपुर प्रखंड के 60 विद्यालय के करीब 1600 छात्र-छात्रों के बीच साइकिल का वितरण किया गया. मौके पर बीडीओ शक्ति कुंज, जिप उपाध्यक्ष रंजीत यादव, जिप सदस्य जय प्रकाश महतो, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बांदा बीईईओ लखीन्द्र नाथ सोरेन, बीपीओ संतोष गुप्ता समेत काफी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे.




