
Ranchi: भाजपा सांसद आदित्य साहू ने भरोसा जताते कहा है कि डुमरी उपचुनाव में हर हाल में एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी की जीत होगी. पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो के इलाके में जनता बदलाव की तैयारी में है. पार्टी कार्यालय में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि डुमरी में हुए आज के मतदान में वोटरों ने बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी तय की है. हेमंत सरकार की वादाखिलाफी,विकास विरोधी, जन विरोधी, युवा-महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ वोटिंग हुई है. ऊपरघाट में जगरनाथ महतो के बेटे चुनाव को प्रभावित करने गये थे जहां वोटरों के विरोध के कारण उन्हें भागना पड़ा.
इसे भी पढ़ें: सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर कहा- मेरे खिलाफ साजिश करने और अनर्गल चिट्ठी लिखने पर सीएस सुखदेव सिंह और तत्कालीन डीसी मंजूनाथ को संसद की विशेषाधिकार समिति ने बुलाया
प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू के मुताबिक 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान झामुमो, कांग्रेस, राजद ने लोगों से झूठे वादे कर वोट हासिल किए थे. अब जनता उसका हिसाब मांग रही है. ऐसे में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में मतदान हुआ है और उनकी जीत होगी. मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा तथा मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे.
लाएंगे विशेषाधिकार हनन का मामला
आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार को डुमरी उपचुनाव में अपनी पराजय तय लग रही है. यही कारण है कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता डरे सहमे रहे. आवेश में आकर अनैतिक हरकत की. लोकतंत्र लोकलाज से चलता है पर हेमंत सरकार में ऐसा नहीं दिखता. सांसद सीपी चौधरी, आजसू पार्टी के सुदेश महतो के अलावे भाजपा की तरफ से बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा और वे स्वयं डुमरी में प्रवास पर थे. प्रशासन के सहयोग से सीपी चौधरी और उनके कमरे की तलाशी ली गयी. हालांकि उन्हें कुछ नहीं मिला. सत्तारूढ़ गठबंधन के तमाम मंत्री, विधायक और अन्य नेता खुलेआम गाड़ियों में पैसे लेकर घुमते रहे पर उन्हें कहीं रोका, टोका तक नहीं गया.

एनडीए समर्थक कार्यकर्ताओं को फॉरेस्ट विभाग चुनाव के दौरान उठा कर ले गया. उनकी पहल पर डीएफओ ने आधे घंटे में छोड़ देने की बात की. मथुरा सोरेन, जयप्रकाश वर्मा के साथ मारपीट भी की गयी. आखिर सरकार को यह सब विचार कैसे आया. इस मामले में आरोपी भोला सिंह और उनके करीबियों पर एक्शन लेने को उन्होंने एसपी से बात की थी पर अबतक ऐसा नहीं हुआ. अब वे संसद के आगामी सत्र में स्थानीय प्रशासन के रवैये को लेकर सांसद सीपी चौधरी संग विशेषाधिकार हनन का मामला जरूर लाएंगे.
केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को धन्यवाद
आदित्य साहू के मुताबिक डुमरी के पठारी और सुदूरवर्ती इलाकों में शांतिपूर्ण मतदान कराने में सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसफ जैसी सुरक्षा एजेंसियों ने महत्वपूर्ण रोल निभाया. उनके नहीं रहने पर इस सरकार के रहते शांतिपूर्ण मतदान संभव नहीं होता. इसके लिए वे सुरक्षा एजेंसियों का आभार व्यक्त करते हैं.




