
Ranchi : राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने की कोशिश हो रही है. इसके लिए कृषि, पशुपालन विभाग, झारखंड लगातार प्रयासरत है. अब इसकी इकाई OFAJ (ऑर्गेनिक फार्मिंग अथॉरिटी ऑफ झारखंड) ने इस दिशा में एजेंसियों से भी मदद लेने का फैसला लिया है. उसने ऐसे निर्माताओं से मदद मांगी है जो ऑर्गेनिक फार्म इनपुट्स (बायोफर्टिलाइजर, जैव कीटनाशक) तैयार करते हैं. OFAJ के सीइओ डॉ एमएसए महालिंगा शिवा की ओर से जारी आरएफपी (Request for Empanelment) के मुताबिक ऐसे इच्छुक निर्माताओं को इनपैनल्ड किया जाना है. जिन्हें इसके लिए रुचि हो, वे 10 दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं. 16 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा. टेंडर कॉस्ट के तौर पर 10 हजार रुपये और EMD राशि के तौर पर 5 लाख रुपये लगेंगे. वेबसाइट https://www.organicjharkhand.in या https://www.jharkhandtenders.gov.in से इसके लिए मदद मिलेगी.
9000 हेक्टेयर पर ऑर्गेनिक खेती
कृषि मंत्रालय (केंद्र सरकार) के मुताबिक झारखंड में 8940 हेक्टेयर जमीन पर 12500 किसान जैविक खेती कर रहे हैं. झारखंड जैविक खेती के मामले में अभी भी कई राज्यों से पिछड़ा हुआ है. हालांकि झारखंड में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए ऑर्गेनिक फार्मिंग ऑथोरिटी ऑफ झारखंड कार्य कर रहा है. साथ ही यहां पर परंपरागत कृषि विकास योजना की शुरुआत की गयी थी. पर इसके बाद भी झारखंड जैविक खेती के मामले में उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ से पीछे है. जैविक खेती के क्षेत्रफल की बात करें तो उत्तराखंड में 2,24,250 किसान जैविक खेती करते हैं. यहा पर जैविक खेती का क्षेत्रफल 1,40,540 हेक्टेयर है. वहीं छत्तीसगढ़ में लगभग 60,000 किसान 1,09,000 हेक्टेयर जमीन में जैविक खेती करते हैं. जैविक खेती क्लस्टर सबसे अधिक 4485 उत्तराखंड में है जबकि छत्तीसगढ़ में जैविक खेती के लिए 1200 क्लस्टर बनाए गए हैं. वहीं सबसे कम जैविक खेती क्लस्टर 250 झारखंड में है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand : 5 दिसंबर तक सर्टिफिकेट का सत्यापन नहीं कराने वाले सहायक शिक्षकों को कार्यमुक्त करेगी सरकार




