Ranchi

एक दर्जन से अधिक वाणिज्य कर उपायुक्त और संयुक्त आयुक्त को मिली प्रोन्नति

Ranchi: राज्य सरकार एक दर्जन से अधिक वाणिज्य कर उपायुक्त और संयुक्त आयुक्त की जल्द पदस्थापना करेगी. इन अधिकारियों को प्रोन्नति मिल चुकी है. विभाग के सचिव सह आयुक्त प्रशांत कुमार ने पदस्थापना से संबंधित संचिका मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दी है. सूत्रों का कहना है कि मनचाही पोस्टिंग के लिए पहुंच और पैरवी का खेल चल रहा है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री के स्तर पर लिया जायेगा. मुख्यमंत्री विभागीय मंत्री भी हैं, इसलिए उनका अनुमोदन जरूरी है. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि विभागीय प्रमुख की अध्यक्षता में प्रोन्नति समिति की बैठक हुई थी. इसमें पदाधिकारियों के नाम की अनुशंसा की गयी. अनुशंसित पदाधिकारियों के नाम और उनकी पोस्टिंग को लेकर स्थापना समिति ने भी अपना प्रस्ताव विभागीय मंत्री के पास भेजा है.

सरकार ने क्या लिया था फैसला

सरकार की तरफ से प्रत्येक वर्ष जून और दिसंबर माह में होनेवाले व्यापक स्तर पर तबादले को रोकने पर यह फैसला लिया गया था कि इन दोनों माह में ट्रांसफर पोस्टिंग नहीं की जायेगी. पर कई विभागों में यह सिलसिला जारी है. जनवरी से लेकर अब तक 450 से अधिक अफसर बदले जा चुके हैं. इसमें आइएएस, आइपीएस, राज्य सेवा के अधिकारी और अभियंता शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें – मेरे खिलाफ मेरी ही पार्टी के लोगः ढुल्लू महतो

Related Articles

Back to top button