
Ranchi: राज्यभर में एक सितंबर से पोषण माह को लेकर विशेष आयोजन जारी है. इस वर्ष का थीम है- सुपोषित झारखंड, साक्षर झारखंड और सशक्त झारखंड. इस आयोजन के संबंध में समाज कल्याण निदेशक शशि प्रकाश झा ने प्रोजेक्ट भवन में विभागीय पदाधिकारियों संग समीक्षा के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते बताया कि लगातार छठे वर्ष इस माह पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है. 30 सितंबर तक यह जारी रहेगा. भगवान बिरसा मुंडा के गांव से इस मिशन की शुरूआत की गयी थी. कुपोषण दूर करने को विशेष तौर पर इस महीने की शुरूआत से इस अभियान को प्रखंड से लेकर प्रदेश स्तर तक मनाया जा रहा है. अब तक इस अभियान के तहत 6.76 लाख से अधिक गतिविधियों का आय़ोजन राज्यभर में किया जा चुका है.
कुपोषण दूर करने पर सरकार का जोर
शशि प्रकाश झा ने बताया कि लक्षित लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ हर हाल में सुनिश्चित करने पर सीएम हेमंत सोरेन और विभागीय मंत्री का जोर है. हर महीने 38432 आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा 34 लाख से अधिक लाभार्थियों को टेक होम राशन का लाभ मिल रहा है. पोषण माह के दौरान हर गोदाम की निगरानी, पोषण ट्रैकर में सभी लाभार्थियों की डिजिटल इंट्री तय की गयी है. इससे वास्तविक निगरानी और मॉनिटरिंग करने में आसानी हो रही है. पोषण अभियान के संचालन में सेविका, सहायिका, सभी सीडीपीओ और अन्य का भी सहयोग लिया जा रहा है. पंचायतों को भी इसमें शामिल किया गया है. राष्ट्रीय स्तर पर पोषण माह के संचालन के लिए तीन पुरस्कार तय किये गये हैं. ऐसे में यहां भी विशेष प्रयास हो रहे हैं. पोषण संबंधी और संबंधित योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए सेविका, सहायिकाओं को नकद पुरस्कार दिए जाने का विचार है. आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावे लोगों को अपने खान पान में मिलेट्स को शामिल किए जाने के लिए जागरूकता अभियान तेज किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – देश के 80 फीसदी साइबर क्राइम में झारखंड की आधी हिस्सेदारी, कहीं आप उसी जिले के तो नहीं? पढ़िए पूरी रिपोर्ट



