
Latehar : लातेहार थाना क्षेत्र के तरवाडीह पंचायत अंतर्गत कुड़पनी गांव में मंगलवार की दोपहर महुआ चुनने के दौरान प्रेशर बम की चपेट में आकर एक ग्रामीण महिला घायल हो गयी. घायल महिला की पहचान नरेशगढ़ गांव निवासी राजू खेरवार की पत्नी ललिता देवी (37) के रूप में की गयी है. बताया जा रहा है कि माओवादियों के द्वारा पुलिस को टारगेट करने को लेकर बम लगाया था. इसी दौरान उसका पैर प्रेशर बम पर पड़ गया और विस्फोट की चपेट में आने से महिला घायल हो गयी है. इधर पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस को घटना स्थल पर भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला महुआ चुनने जंगल गयी हुई थी. जब वह जंगल में थी तभी उसका पैर प्रेशर बम पर पड़ जाने से विस्फोट हो गया. बम की चपेट में आने से महिला घायल हो गयी.
इसे भी पढ़ें:CNT एक्ट को बचाने को केंद्र, राज्य को सामने आना अब जरूरी, 1932 के खतियान पर बने स्थानीय नीतिः लोबिन हेंब्रम
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल बल को घटनास्थल भेजा गया तथा घायल महिला को जंगल से बाहर निकाला गया.
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि घायल महिला को इलाज को लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:पंचायत चुनाव: चुनाव लड़ रहे मुखिया, प्रमुख, जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पावर सीज




