
Jamshedpur : समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उपायुक्त सूरज कुमार की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक हुई. इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले में पर्यटन की संभावनाओं, विभिन्न पर्यटक स्थलों का सौन्दर्यीकरण तथा आधारभूत संरचना निर्माण को लेकर विमर्श किया गया. यहां मौजूद विधायकों की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों को पारित किया गया. उपायुक्त ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनायें हैं. जिले में अवस्थित पर्यटक स्थलों की वास्तविक क्षमता का अब तक उपयोग नहीं हो पाया है. ऐसे में समावेशी व्यवस्था के तहत इनका विकास किया जाता है तो बरबस ही पर्यटकों को अपनी ओर सम्मोहित करेंगे. पूर्वी सिंहभूम में वीकेंड टूरिज्म का पॉटेंशियल है. हमारा प्रयास है कि वीकेंड डेस्टिनेशन के बड़ा हब के रूप में इसे विकसित किया जाए.
विधायक जमशेदपुर पूर्वी सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पर्यटक स्थलों के विकास को लेकर सुझाव दिया. इनमें भुवनेश्वरी मंदिर, श्रीकृष्ण मंदिर, हुडको पार्क, घोड़ाबांधा में वन विभाग का पार्क, हुड़को डैम आदि तथा टूरिज्म डिपार्टमेंट की जितनी भी परिसंपत्तियां जिले में हैं, उन सभी के विकास को लेकर उन्होंने विचार रखे. कहा कि रांची के आड्रे हाउस के तर्ज पर स्थानीय कला क्षेत्र से जुड़ी प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास करने की दिशा में सोन मंडप व टाउन हॉल सिदगोड़ा सक्रिय गतिविधियों का केन्द्र बन सकते हैं. भुवनेश्वरी मंदिर के नीचे के क्षेत्र को ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा सकता है.
विधायक घाटशिला रामदास सोरेन ने कहा कि पूरा झारखंड ही पर्यटक स्थल है, जो झील, जंगल से भरापूरा है. पर्यटन स्थलों के विकास से एक तरफ जहां राजस्व की प्राप्ति होगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा. पलायन की समस्या को खत्म करने में पर्यटक स्थलों का विकास सहायक साबित होगा. उन्होने घाटशिला अंतर्गत बुरूडीह डैम, कालचिति पंचायत अंतर्गत बासाडेरा में धारागिरी झरना, हेरिटेज विलेज आमाडूबी धालभूमगढ़, सिद्धेश्वरी पहाड़ मुसाबनी, गालूडीह बराज, काशीदा का शिवमंदिर, घाटशिला के विभूति बाबू हाउस एवं पांच पांडव शिला आदि पर्यटक स्थलों के विकास का सुझाव रखा.
विधायक बहरागोड़ा समीर मोहंती ने बहरागोड़ा क्षेत्र अंतर्गत गोटाशिला मंदिर एवं पहाड़ी क्षेत्र चाकुलिया, ज्योति पहाड़ी बहरागोड़ा, तुलसीबनी शिवराम आश्रम चाकुलिया, डुंगरी मंदिर पाटपुर बहरागोड़ा, खोड़ीपहाड़ी चाकुलिया, पोंचापानी चाकुलिया, बेंद तेतुल डुंगरी जगधात्री मंदिर चाकुलिया, चित्रेश्वर मंदिर बहरागोड़ा, कानाईशहर पहाड़ चाकुलिया आदि पर्यटक स्थलों के विकास का सुझाव दिया.
विधायक जुगसलाई मंगल कालिंदी ने डिमना लेक, दलमा, हाथीखेदा मंदिर, प्राचीन मूर्ति संग्रहालय, छोटाबांकी डैम, मां मंगला मंदिर, हलुदबनी वॉटर फॉल, सीता पार्क व झरना आदि पर्यटक स्थलों के सौन्दर्यीकरण का सुझाव दिया.
विधायक जमशेदपुर पश्चिम के विधायक प्रतिनधि ने दो मुहानी घाट में वोटिंग एवं वॉकिंग ट्रैक की व्यवस्था, डिमना लेक, भाटिया पार्क, राम मंदिर बिष्टुपुर आदि के सौन्दर्यीकरण एवं विकास का प्रस्ताव रखा. विधायक पोटका के प्रतिनिधि ने मुक्तेश्वर धाम हरिणा मंदिर, कालेश्वर मंदिर कोकदा, पहाड़भांगा, रंकिणी मंदिर जादूगोड़ा आदि धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों के विकास का सुझाव सदन में रखा.
उपायुक्त ने सदन को बताया कि दलमा में जंगल ट्रेकिंग, सफारी, बंबू हट निर्माण के प्रस्ताव पर फोकस करते हुए ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है. दलमा-डिमना झील, रंकिणी मंदिर, जुबिली पार्क बुरूडीह डैम को एक सर्किट में जोड़ते हुए पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य की दिशा में आवश्यक कदम उठाये गए हैं. साथ ही बहरागोड़ा, धालभूमगढ़ व घाटशिला को जोड़ते हुए एक और पर्यटक सर्किट बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा. बैठक में अपर उपायुक्त प्रदीप प्रसाद, नोडल पर्यटन पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, कार्यापालक अभियंता विशेष प्रमंडल, पथ प्रमंडल आदि मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर: जुस्को एवं यूसिल के अधिकारियों से मिले विधायक मंगल कालिंदी, रखे खास मुद्दे




