JharkhandRanchiTOP SLIDER

मानसून सत्रः रोजगार पर चर्चा से पीछे हटी सरकार, विपक्ष का जोरदार हंगामा

Ranchi : विधानसभा में सोमवार को भोजनावकास के बाद महंगाई और रोजगार पर चर्चा होनी थी. शुक्रवार को विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में यह तय हुआ था लेकिन सोमवार को स्पीकर के द्वारा सदन को यह बताया गया कि दूसरी पाली में महंगाई पर विशेष चर्चा होगी. दूसरी पाली में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने यह मामला उठाया और कहा कि कार्य मंत्रणा में महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा तय हुई थी, लेकिन आज के विषय में केवल महंगाई को रखा गया है. यह उचित नहीं है. हम सरकार का सपोर्ट करना चाहते हैं, सदन चलाना चाहते हैं लेकिन सरकार ही सदन नहीं चलने देना चाहती. विधायक सीपी सिंह ने कहा कि कार्यमंत्रणा समिति की बात नहीं सुनी जाती है तो क्या हमलोग शोभा की वस्तु हैं. आजसू विधायक सुदेश महतो ने कहा कि उद्योग, महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा के लिए सहमति बनी थी लेकिन बेरोजगारी को विषय से हटा दिया गया. यह उचित नहीं है. विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह सही है जो सुदेश महतो कह रहे हैं कि बेरोजगारी पर चर्चा की बात हुई थी लेकिन विषय तय करते हैं सदन के नेता और स्पीकर.

इसे भी पढ़ें – विस में नमाज कक्ष आवंटन मामलाः सीएम हेमंत पीछे हटने को तैयार नहीं, रघुवर ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

रोजगार और नियोजन नीति का मुद्दा कार्यस्थगन में भी छाया रहा

इससे पहले छह विधायकों ने सदन में कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया था. जिसमें नियोजन नीति और रोजगार का मुद्दा छाया रहा. विधायक लंबोदर महतो ने अपने कार्यस्थगन के माध्यम से राज्य के बाहर झारखंड के मूलवासी जो नौकरी कर रहे हैं उनके साथ नियोजन नीति में छल करने का आरोप लगाया. कहा कि ऐसे लोगों को झारखंड में आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा जबकि ये भी मूलवासी हैं. विधायक बिनोद सिंह ने कहा कि राज्य में 3 लाख से ज्यादा रिक्त पद हैं. उच्च विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति, उत्पाद सिपाही की नियुक्ति की परीक्षा हो गयी है लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है. पारा शिक्षकों और अनुबंध कर्मियों से किये वादे अधूरे हैं. विधायक जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि नियोजन नीति स्पष्ट नहीं है. स्थानीय को लाभ नहीं मिलेगा. विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि नियोजन नीति नियमावली 2021 से छात्रों में आक्रोश है. हिंदी, संस्कृत, मगही, अंगिका, भोजपुरी को द्वितीय भाषा में नहीं रख गया है. आदिवासी मूलवासी को नौकरी नहीं मिलेगी. 1985 का कट ऑफ हटा कर 2019 करना जनता के साथ छलावा है.

विरोध में रिपोर्ट्स टेबल पर बैठ गये विधायक

रोजगार के मुद्दे पर चर्चा नहीं कराये जाने के विरोध में भाजपा के राज सिंह, अमर बाउरी, मनीष जायसवाल, रिपोर्ट्स टेबल पर बैठ गये. वहीं विधायक रणधीर सिंह और किशुन दास कुर्सी पर खड़े होकर हंगामा करने लगे.

स्पीकर नाराज कहा- मर्यादा में रहिये

विपक्ष के आचरण से नाराज स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने कहा कि सभी विधायक मर्यादा में रहिये. कहा कि किसी भी परिस्थिति में सदन चलाना होगा. न बोलेंगे न सुनेंगे यह नहीं चलेगा. स्पीकर ने कहा कि आसान कमजोर नहीं है. इस तरह नहीं होता है. आसान की मदद कीजिये.

इसे भी पढ़ें – अब हाईकोर्ट के डबल बेंच में होगी निजी स्कूलों में फीस मामले की सुनवाई

Related Articles

Back to top button