
- पदाधिकारी लगातार कर रहे थे नजर अंदाज
- वार्ड नंबर 9 में नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव
- लक्ष्मी नगर मोहल्ला में ना तो नाली है, ना तो सड़क
- कचरा उठाने के लिए नगर परिषद की गाड़ी नहीं आती
Garhwa: गढ़वा नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव है. यहां ना तो चलने के लिए सड़क है और ना ही बिजली की व्यवस्था. गंदगी का अंबार लगा हुआ है. यहां के लोग लंबे समय से नागरिक सुविधा से परेशान हैं. कई बार नगर पर्षद के पदाधिकारियों से आग्रह और उनके दफ्तर का चक्कर लगाने के बाद जब उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो उन्होंने राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर से आग्रह कर उन्हें मौके पर बुलाया. साथ ही मोहल्ले की स्थिति से उन्हें अवगत कराया.
वार्ड 9 के गर्ल्स स्कूल के पास लक्ष्मी नगर मोहल्ला में ना तो नाली है, ना तो सड़क है और ना ही कचरा उठाने के लिए नगर परिषद की गाड़ी आती है. मुहल्ले में कचरे का अंबार लगा हुआ है, लेकिन विभागीय कोई कार्रवाई नहीं होती. स्थानीय लोगों ने कई बार विभाग से आग्रह किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. मोहल्ले की महिलाओं ने पिछले दिनों परिसदन में मंत्री मिथिलेश ठाकुर से भी मुलाकात की थी. दूरभाष पर मंत्री के द्वारा इस संबंध में विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई थी.
यह भी पढ़ें:झारखंड में Health Care Worker का डाटा कलेक्शन शुरू, कोविड वैक्सीनेशन में मिलेगी प्राथमिकता
हार मान कर मुहल्लेवासियों ने बुधवार को मंत्री मिथिलेश ठाकुर को फोन किया और पूरे मामले की जानकारी दी. मोहल्ले के लोगों की फरियाद पर मंत्री को मौके पर आना पड़ा. मौके पर पहुंचे मंत्री ने संबंधित पदाकारियों को जोरदार फटकार लगायी. वहीं महिलाओं ने मंत्री से शिकायत की और मुहल्ले का भ्रमण भी कराया.
महिलाओं ने नाली, सड़क, कचरा की समस्याओं के साथ-साथ बताया कि गर्ल्स फील्ड दारू पीने वालों का अड्डा बन गया है. रात्रि में इधर से आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है. वहीं बिजली के पोल पर एक भी बत्ती नहीं जलती है. शौच का पानी सड़क पर बहता रहता है, लेकिन कोई भी पदाधिकारी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं.
मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि पदाधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे थे. इसलिए उन्होंने मजबूर होकर मंत्री को कॉल किया और मंत्री जी ने उनकी दिक्कत व परेशानी को सुना. अब उन्हें कुछ उम्मीद जगी है कि उनकी परेशानी अब दूर हो जायेगी.
यह भी पढ़ें:मालन्यूट्रिशन सेंटर की जानकारी अब एक एप से मिलेगी, डीसी ने किया शुभारंभ
इधर, मंत्री ने बताया कि मोहल्ले की समस्याओं के निराकरण के साथ गढ़वा शहर को सुव्यवस्थित करने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र विकास के लिए अलग अलग सेक्टर कार्यरत है. शहर के विकास एवं सुंदर रखने की जिम्मेवारी नगर पर्षद की है. लेकिन पदाधिकारी अपनी जिम्मेवारी को ठीक से नहीं निर्वहन करते.
मजबूरी में उन्हें मौके पर आना पड़ा. निराकरण का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने कहा कि एनएचआइ के अभियंता से भी इस संबंध में बात हुई है. सड़क पर लगने वाले जाम को भी हटाने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त को इस संबंध में जानकारी दे दी गयी है. जल्द मामले का निदान होगा.
यह भी पढ़ें:दुनिया का इंतजार खत्म, आ गयी कोरोना वैक्सीन, Pfizer-BioNTech के टीके को ब्रिटेन ने दी मंजूरी…




