1st Lead2nd LeadJharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

मिशन-24: भाजपा 22 जून को कर सकती है बड़ा एलान, जानिए क्या है भाजपा का झारखण्ड की सभी 14 सीटों को जीतने का प्लान

Gyan Ranjan

Ranchi: मिशन 24 को लेकर झारखण्ड भाजपा रेस है. संथाल से लेकर कोल्हान और कोयलांचल से लेकर पलामू तक भाजपा लोकसभा चुनाव को लेकर मिशन मोड में काम कर रही है. प्रदेश नेताओं के साथ साथ दर्जन भर से ज्यादा राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को अभी से आमचुनाव की तैयारी में लगाया गया है. 22 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा झारखण्ड दौरे पर हैं. वह गिरिडीह में आमसभा को संबोधित करेंगे. जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरिडीह से लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान कर सकते हैं. यह तय है कि भाजपा और आजसू मिलकर चुनाव लड़ेगी लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव में आजसू का प्रत्याशी नहीं दिख सकता है. कहा यह जा रहा है कि भाजपा सभी 14 लोकसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी देगी. इसका भी एलान राष्ट्रीय अध्यक्ष कर सकते हैं.

एक-एक सीट को लेकर पार्टी में बनायी जा रही है रणनीति

पिछले लोकसभा चुनाव में झारखंड की 14 सीटों में से भाजपा ने 13 सीटें अपने पास रखी थी और एक सीट अपनी सहयोगी आजसू को दी थी. भाजपा ने अपने सहयोगी आजसू के साथ मिलकर 12 सीटों पर जीत हासिल की थी. जो सीट भाजपा ने पिछले चुनाव में आजसू को दिया था वह उसकी सीटिंग सीट थी. लेकिन इस बार कहा जा रहा है कि गिरिडीह सीट भी भाजपा अपने पास ही रखेगी. हालांकि यह भी जानकारी मिल रही है कि गठबंधन में आजसू अपनी सिटिंग सीट गिरिडीह के साथ हजारीबाग पर भी दावेदारी कर रही है. लेकिन हजारीबाग  सीट अभी भाजपा के पास है तो यह संभव नहीं दिख रहा है कि भाजपा उसे छोड़े. वहीं यह भी कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गिरिडीह से लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर रहे हैं तो इस बार फिर से भाजपा यहां से अपना प्रत्याशी दे. इस विषय पर दोनों दलों के बीच बात चल रही है. डुमरी में विधानसभा का उपचुनाव होना है और भाजपा इस उपचुनाव में आजसू का समर्थन करेगी यह लगभग तय है. जानकारी के अनुसार भाजपा लोकसभा सीट के एवज में आजसू को 2024 में होनेवाले झारखण्ड विधानसभा के चुनाव में कुछ सीटें ज्यादा दे.

लोबिन को संथाल में भाजपा बनाएगी तुरुप का पत्ता

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को संथाल की एक और कोल्हान की एक सीट पर हार का सामना करना पड़ा था. संथाल को लेकर भाजपा की अलग रणनीति है. पिछले चुनाव में हेमलाल मुर्मू पर भाजपा ने राजमहल में दाव खेला था. मगर सफलता नहीं मिली. हेमलाल की घर वापसी हो गयी है. अब भाजपा की निगाह झामुमो के लोबिन हेम्ब्रेम पर है. मालूम हो कि लोबिन पिछले दो वर्षों से अपनी ही सरकार के खिलाफ आग उगल रहे हैं. भाजपा लोबिन को अपने पाले में करने का प्रयास की मगर सफलता नहीं मिली. अब भाजपा एक नयी रणनीति पर काम कर रही है. लोबिन राजमहल से लोकसभा का चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे यह लगभग साफ़ है. भाजपा इस बार राजमहल से प्रत्याशी नहीं देकर लोबिन का साथ दे इसकी सम्भावना प्रबल है. कह सकते हैं कि राजमहल से इस बार लोबिन भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी हो सकते हैं.

चाईबासा को लेकर भाजपा की रणनीति में गीता कोड़ा

कोल्हान की चाईबासा सीट को लेकर भी भाजपा लगातार रणनीति बना रही है. पिछले चुनाव में भाजपा को यहाँ भी मुंह की खानी पड़ी थी. बताया जा रहा है कि इस लोकसभा सीट पर भाजपा को कोई ऐसा नेता नहीं दिख रहा है जो कांग्रेस की गीता कोड़ा को टक्कर दे. वैसे पूर्व मंत्री बडकुंवर गागराई, जेबी तुबिद सहित अन्य नेताओं के नाम भाजपा के पास हैं लेकिन इन नेताओं की पकड़ चाईबासा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में नहीं है. पिछले चुनाव में भाजपा ने अपने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को  मैदान में उतारा था. मोदी लहर में बाद भी गिलुआ इस सीट को नहीं निकाल सके थे. कहा यह जा रहा है कि इस बार भाजपा गीता कोड़ा को अपने पाले में लाने का प्रयास करे. वैसे यह प्रयास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चाईबासा दौड़े के समय से ही चल रहा है.

सभी 14 सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है भाजपा : प्रदीप सिन्हा

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि मिशन 24 को लेकर पार्टी लगातार कार्यक्रम कर रही है. हमारे छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ता मिशन मोड में हैं. लगातार केंद्रीय नेताओं का कार्यक्रम हो रहा है. भाजपा के कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है और हम अपने कार्यकर्ताओं के बल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झोली में राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट देंगे. कहा कि हमारे पास नेता है, नेतृत्व है और सबसे बड़ी बात लाखों कार्यकर्ताओं की फ़ौज है. कह सकते हैं कि पार्टी पार्टी लगातार सभी 14 सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है.

Related Articles

Back to top button