Ranchi: रांची की पुलिस इन दिनों फुल एक्शन में नजर आ रही है. और अपराधियों पर नकेल कसने में रांची पुलिस जुटी हुई है. एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में रांची पुलिस ने पिछले 60 दिनों में 234 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान रांची पुलिस ने राज्य के कई जिले की पुलिस के लिए चुनौती बने गैंगस्टर अमन साहू सहित कई बड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा रांची पुलिस ने इस दौरान अलग-अलग संगठन के पांच नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ेंः CoronaUpdate: रांची सिविल सर्जन हुए कोरोना पॉजिटिव, राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 52 हजार के पार
वारदात को अंजाम देने से पहले गिरफ्तार हुए कई अपराधी
रांची पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले कई अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जिनमें बीते 12 जुलाई को रांची के चार बड़े कोयला कारोबारी की हत्या करने आए अमन साहू गैंग के पांच अपराधी भी हैं. 20 जुलाई को कई जिलों की पुलिस के लिए चुनौती बने अपराधी अमन साव गिरफ्तार हुआ था. इसके अलावा दिवगंत बिल्डर अभय सिंह से 2 करोड़ रंगदारी मांगने और फायरिंग करने वाले 4 शूटर को भी गिरफ्तार किया गया था.
अवैध कारोबार के खिलाफ रांची पुलिस सख्त
जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ रांची पुलिस सख्त नजर आ रही है. एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में अवैध कारोबार करने में शामिल लोगों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. पिछले एक महीने की बात की जाये तो रांची पुलिस ने अवैध शराब के बड़े कारोबार, जुआ के बड़े अड्डे और अफीम तस्करी के बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है.
रांची एसएसपी सुरेंद्र झा के निर्देश पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त को पुलिस ने पिठोरिया थाना क्षेत्र के ओयना गांव में 30 लाख रुपए से अधिक की शराब बरामद की. 11 अगस्त को रांची पुलिस ने ओरमांझी थाना क्षेत्र में 35 लाख रुपये मूल्य के डोडा और अफीम को जब्त किया था. 14 अगस्त को रांची पुलिस ने शहर में चल रहे जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया था. अड्डे से जुआ खेलते सात लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने की जगह से 11.53 लाख रुपये बरामद किये. 23 अगस्त को रांची पुलिस ने नामकुम के रिंग रोड सरवल के पास से एक ट्रक से 16 सौ किलो डोडा बरामद किये और इसके अलावा रांची पुलिस ने कारवाई करते हुए 25 अगस्त को बीआइटी मेसरा पुलिस ने 30 लाख रुपए का डोडा ले जा रहे दो ट्रकों को रिंग रोड से पकड़ा था.
इसे भी पढ़ेंः LAC पर तनातनीः चीन का आरोप, भारतीय सैनिकों ने घुसपैठ की कोशिश के दौरान फायरिंग की




