Ranchi: झारखंड में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है. वही राजधानी रांची के सिविल सर्जन विजय बिहारी प्रसाद भी कोरोना से संक्रमित हो गये हैं. फिलहाल वो अपने घर में है, लेकिन उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड में शिफ्ट किये जाने की तैयारी है.
बता दें कि राज्य में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार को पार कर चुका है. वहीं अबतक 482 लोगों की जान जा चुकी है.
रांची सिविल सर्जन कोरोना पॉजिटिव
देश और राज्य में कोरोना के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण लड़ाई डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी लड़ रहे हैं. रांची के सीएस वीबी प्रसाद भी मार्च से ही कोरोना के खिलाफ जंग में मुस्तैदी से तैनात रहे हैं. वहीं अब संक्रमण ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया है. सीएस को रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती किया जायेगा.
बता दें कि सोमवार को ही कोरोना को लेकर हुई एक अहम बैठक में सिविल सर्जन ने हिस्सा लिया था, जिसमें अस्पताल में बेड बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई थी. इस मीटिंग में रांची डीसी, रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक, उप चिकित्सा अधीक्षक और एडिशनल डायरेक्टर भी मौजूद थे. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सीएस ऑफिस में कई लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं.
झारखंड में अबतक 482 लोगों की मौत
झारखंड में कोरोना संक्रमण और इससे होनेवाली मौत का आंकड़ा बढ़ा है. बीते दिनों जहां नये केस में बढ़ोतरी हुई है. वहीं संक्रमण के कारण सूबे में अबतक 482 लोगों की मौत हो चुकी है. मौत के मामले में लौहनगरी जमशेदपुर पहले नबंर पर है, जहां अबतक 215 लोगों की जान इस महामारी ने ले ली. वहीं 73 मौतों के साथ राजधानी रांची दूसरे नबंर पर है.
बता दें कि सोमवार को ही सीआइडी में पदस्थापित इंस्पेक्टर शैलेश गुप्ता की सोमवार को रिम्स में कोरोना से मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर शैलेश गुप्ता डायबिटीज के मरीज थे. सांस लेने में तकलीफ होने के बाद इनकी मौत हो गयी. जबकि राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 52620 हो चुका है.




