
Ranchi: प्रधानमंत्री किसान उर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान कुसुम अभियान के आवेदकों के साथ ठगी न हो, इसके लिये उर्जा विभाग ने सूचना जारी है. सूचना झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलमेंट एजेंसी जरेडा के आधिकारिक वेबसाइट में जारी की गयी है. जिसमें बताया गया है कि केंद्रीय अक्षय उर्जा मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि अलग अलग तरह के वेबसाइट के जरिये कुसूम योजना के नाम पर आवेदकों से ठगी की जा रही है. इसके लिये अलग अलग एप्लिकेशन का भी सहारा लिया जा रहा है. जिससे किसानों से ठगी की जा सके. किसानों को इन फर्जी वेबसाइट और एप्लीकेशन के जरिये आवेदन भरने कहा जाता है. साथ ही रजिस्ट्रेशन के नाम पर कुछ राशि भुगतान करने भी कहा जा रहा है. ऐसे में सरकार की ओर से किसानों को सलाह दी गयी है कि किसी भी वेबसाइट में कुसूम योजना से संबधित जानकारी न लें और न ही आवेदन करें.
इसे भी पढ़ें: सीसीएल के तीन खदानों से इस साल 16 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य
कुसूम योजना का संचालन राज्य के अलग अलग विभागों द्वारा किया जा रहा है. योजना की अधिक जानकारी के लिये आवेदक नवीन और नवीनकरणीय उर्जा मंत्रालय के आधिकारिक वेबसाइट http://www.mnre.gov.in पर जा सकते है. इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800 180 3333 पर जानकारी प्राप्त कर सकते है.
डोमेन नेम अलग अलग
सूचना जारी करते हुए मंत्रालय ने बताया है कि किसानों को लुभाने के लिये अलग अलग वेबसाइट अलग अलग डोमेन नेम से बनाये गये है. जिसमें .org , .in , .com है. इसमें www.pmkisankusumyojna.co.in, www.onlinekusumyojna.org.in, www.pmkisankusumyojna.com आदि वेबसाइट है. यह मामला मंत्रालय के संज्ञान में है. ऐसे में किसानों से अपील की गयी है कि आधिकारिक वेबसाइट के जरिये ही योजना का लाभ उठायें. बता दें पिछले साल रांची में भी कुसुम योजना में ठगी का मामला सामने आया था. जहां डोरंडा थाना में मामले की शिकायत दर्ज की गयी थी. जिसके बाद मामले में कार्रवाई की गयी.




