
Chatra: चतरा जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोकतमा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवम कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता उपस्थित थे. इस कार्यक्रम में माध्यमिक परीक्षा सत्र 2022-23 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंत्री ने मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम की शुरुआत द्वीप प्रज्ज्वलन एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार सिन्हा के द्वारा अतिथि स्वागत के साथ हुआ. मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यालय तेजी से विकास कर रहा है परंतु हमें कुछ भौतिक संसाधनों की आवश्यकता है, जिसके बिना बहुत सारी योजनाओं का निर्वहन कर पाना मुश्किल दिखता है. हमारे विद्यार्थी जिला के साथ-साथ राज्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, चाहे वह खेल का क्षेत्र हो या पढ़ाई का क्षेत्र हो. अगर उन विद्यार्थियों को कुछ और भौतिक सुविधाएं मिल जाय तो विद्यालय का मनोबल ऊंचा होगा और विद्यार्थियों का प्रदर्शन और भी बेहतर हो सकेगा. कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि सह मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि उनकी पढ़ाई-लिखाई की शुरुआत इसी विद्यालय से हुई है एवं इस क्षेत्र के विकास के लिए वे दृढ़ संकल्पित हैं. उन्होंने विद्यालय को प्लस टू में उत्क्रमण की बात भी कही. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था एवं भवन का भी निर्माण कराया जाएगा. कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि राज्य में इस बार के माध्यमिक परीक्षा में हमारे जिले का तीसरा स्थान रह रहा. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी को जल्द से जल्द समाप्त किया जाएगा एवं विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता विद्यालय में कराई जाएगी. कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व शिक्षक देवचरण दाँगी ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कई उदाहरण पर प्रस्तुत किए. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना आती है एवं बेहतर करने की प्रेरणा मिलती हैं.




