
Purulia: केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा रविवार की शाम चोड़ीदा गांव पहुंचे और पुलिस पिटाई से मृत शिकारी सिंह मुंडा की मां और भाइयों से मिले. पूरी घटना की जानकारी ली. उत्पाद विभाग ने पहले उस युवक को हिरासत में लिया औऱ बाद में पुलिस ने उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हुई. मृतक का दारू शराब के काम से कोई लेना देना नहीं था और पुलिस ने व्यर्थ में उससे जानकारी लेने के नाम पर पिटाई की. यह गांव पद्मश्री अवार्डी गंभीर सिंह मुंडा का क्षेत्र है. मृतक उनके इलाके का ही था. पद्मश्री के गांव में पुलिस ज्यादती का यह मामला सुर्खियों में है और मामला एससी-एसटी के दमन का बन गया है. पश्चिम बंगाल सरकार को जवाब देते नहीं बन रहा है.
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मृतक के परिजनों ने आयोग को पत्र लिखा है.मैं भी चाहता हूं कि मामले की जांच हो और कोर्ट में भी मामले के फैसले से पूर्व दोषी आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया जाए. मुंडा के साथ भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, हबीबपुर विधायक मालदा जोयल मुर्मू एवं अन्य स्थानीय जन प्रतिनिधि थे. उल्लेखनीय है कि मृतक शिकारी मुंडा को विगत 16 फरवरी को उत्पाद विभाग ने संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया था. 17 फरवरी को कोर्ट में पेशी के दौरान शिकारी ने कोर्ट के समक्ष अपनी तबीयत खराब होने और उनके साथ अमानवीय व्यवहार की बात कही थी. बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी 20 फरवरी को मृत्यु हो गयी.




