
Ranchi/ Latehar: लातेहार में महत्वाकांक्षी मनरेगा योजना को लूट की योजना बनाने का खेल चल रहा. खासकर बागवानी मिशन से संबंधित स्कीमों में.लातेहार सदर प्रखंड की पंचायत है पांडेयपुरा. इसी के एक गांव हेठबेसरा की रहने वाली रालो देवी की मृत्यु 27 अगस्त 2023 को ही हो गयी. पर उनके नाम से पंचायतकर्मियों ने जॉब कार्ड 007/14840 निर्गत करते उनको जीवित दिखाते हुए मस्टर रोल संख्या 41009 (पंजीकरण संख्या D-2023-20-02725-000019) बना दिया है. हेठबेसरा में सारु अंसारी की जमीन पर 25 फरवरी 2024 को कूप निर्माण कार्य करते दिखाया है. मुक्का गांव की नाबालिग बच्ची नीता कुमारी, पिता- पूरन उरांव का आधार कार्ड के अनुसार जन्म तिथि 10/02/2013 है. लेकिन उनके नाम से मनरेगा जॉब कार्ड में 18 साल दिखाकर जॉब कार्ड संख्या 006/2000 निर्गत किया गया है. इस तरह से पूरे पाण्डेयपूरा पंचायत में बिचौलिया और मनरेगाकर्मियों की सांठ गाँठ से बागवानी, टीसीबी, मेढ़बंदी योजनाओं को रेवड़ी की भांति स्वीकृत कराया गया है. 90 फीसदी मजदूरों के नाम फर्जी मस्टर रोल संधारित कर लिये गये हैं. जमकर सरकारी राशि लूटी जा रही है. यह सब तब है जबकि यह पंचायत जिला मुख्यालय से महज 7 से 10 किलोमीटर में अवस्थित है.
जमीनी पड़ताल में खुलासा
12 अक्टूबर को नरेगा सहायता केंद्र के टीम सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता सेलेस्टीन कुजूर तथा झारखण्ड नरेगा वाच के राज्य संयोजक जेम्स हेरेंज ने कढिमा गांव का दौरा किया. इस क्रम में एक दर्जन से अधिक मनरेगा योजनाओं के लाभुकों से योजना सम्बन्धी जानकारी ली गई. साथ ही ग्रामीणों के साथ ऑनलाइन रिकार्ड का मिलान किया गया. इसमें खुलासा हुआ कि बागवानी योजना में पंचायतकर्मियों और बिचौलियों ने जमकर पैसे खाए हैं. लाभुकद्वय विजय मिंज और उनकी पत्नी मरियम मिंज, दोनों पति-पत्नी के नाम से अलग-अलग बागवानी योजना पारित है. दोनों योजनाओं को मिलाकर कुल प्राक्कलित राशि 8.55 लाख है. दोनों ने मौके पर बताया कि उन दोनों के अलावे चुलेसर यादव ने कार्य किया था. काम कराने वाला मुक्का (खैराटोली) निवासी प्रकाश साव, पिता रुसन साव है. बिचौलिया के द्वारा 50 रुपये प्रति पिट के हिसाब से गड्ढा खोदवाया गया था. दोनों को मिलाकर अधिकतम 10 हजार रुपये का भुगतान मिला जबकि रिकॉर्डिंग में 1.50 हजार खर्च हो चुका है. मस्टर रोलों में जितने भी नाम दर्ज हैं, उनमें से अधिकांश मजदूरों को लाभुक पहचानते भी नहीं हैं.
असब तोपनो के नाम से वित्तीय वर्ष 2023-24 में 4.17 लाख का बागवानी स्कीम स्वीकृत हुआ है. अब तक 2.52 लाख खर्च हो चुका है. अभी उनकी योजना ठीक से क्रियान्वित हुई भी नहीं हुई थी कि उनकी पत्नी रुद तोपनो के नाम इस वित्तीय वर्ष में भी 4.17 लाख का योजना पारित हुआ और 40 हजार खर्च हो चुके हैं. जब असफ की बागवानी योजना के मजदूरों का नाम सार्वजानिक रूप से पढ़ा गया तो ग्रामीणों ने 90 फीसदी मजदूरों के नाम फर्जी होने की बात बताई. ऐसे ही धरमदास कुजूर और उनकी पत्नी सोनामी कुजूर, दोनों के नाम से दो बागवानी योजना इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृत हैं. दोनों योजना मिलाकर कुल प्राक्कलित राशि 6.21 लाख है. जबकि सोनामी कुजूर ने उपायुक्त, लातेहार को संबोधित लिखित शिकायत में कहा है कि उनकी योजना के सम्बन्ध में उन्हें ही कुछ भी जानकारी नहीं है. न ही अलग से उसमें कोई काम किया गया है जबकि इस योजना में ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार 1.69 लाख खर्च हो चुका है. ऐसे ही कुल 9 बागवानी लाभुकों ने लिखित शिकायत की है. बताया है कि वार्ड सदस्य राजू यादव, पिता बादल यादव, वार्ड संख्या 06 ने 50 रुपये प्रति पिट बागवानी हेतु लाभुकों से खुदवाये थे. जिसमें से सभी में अधिकांश लाभुकों ने ही काम किये. उनको मात्र 5 से 7 हजार रुपये बिचौलिया ने नगद भुगतान किया. गड्ढों में पिट भराई के समय न खाद मिला न दवाई मिली. विदित हो कि इस पंचायत में वित्तीय वर्ष 2023-24 में सिर्फ मजदूरी मद में 2.96 करोड़ खर्च हुए हैं.
डीसी ने दिया है एक्शन लेने का भरोसा
जेम्स हेरेंज के मुताबिक, यदि पूरे मामले की गहन जाँच की जाए तो करोड़ों की घपलेबाजी पकड़ी जा सकती है. उन्होंने नए पदस्थापित डीसी को वाट्सएप्प के माध्यम से सूचनाएं भेजी हैं. बुधवार को उनसे भेंट होगी. फिलहाल बिचौलिया और पंचायत कर्मी लाभुकों पर बयान बदलवाने के लिए दिन रात दिन रात चक्कर लगा रहे हैं.
लिखित शिकायत पर होगी पहल
मनरेगा लोकपाल, लातेहार संतोष पंडित ने न्यूज विंग से कहा कि उनके पास लिखित शिकायत आने पर वे मामले की पड़ताल करेंगे और समस्या का निदान करेंगे.



