
Ranchi : डॉ. रामदयाल मुण्डा क्रीड़ा केंद्र एवं रूम्बुल के तत्वावधान में डॉ. रामदयाल मुण्डा स्टेडियम, रांची में आयोजित आठवीं पद्मश्री रामदयाल मुण्डा चैलेंज ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता 2022 का आज समापन हो गया. प्रतियोगिता का फाइनल मैच मेकॉन बनाम बी.पी.एस.एस. दुबलिया के बीच खेला गया. रोमांचक खिताबी मुकाबले में मेकॉन की टीम ने बीपीएसएस दुबलिया को 1-0 से हरा कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया. विजेता टीम मेकॉन की ओर से लक्ष्मीकांत ने एकमात्र गोल किया. प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सिल्ली के विधायक सुदेश कुमार महतो, पद्मश्री राम दयाल मुंडा की पत्नी अमिता मुंडा, रांची के उपनगर आयुक्त कुंवर पाहन, लिटिल विंग स्कूल के निदेशक रमेंद्र कुमार, झारखंड आंदोलनकारी संजय बसु मालिक, आजसू पार्टी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत सहित अन्य भी उपस्थित रहे.
विजेता को मिला कैश अवार्ड
आयोजन समिति सचिव संतोष उरांव ने बताया कि विजेता टीम मेकॉन को विजेता ट्राफी के साथ कैश अवार्ड के रूप में 1,50,001 रुपये दिये गये. उपविजेता टीम बी.पी.एस.एस दुबलिया को उपविजेता ट्राफी के साथ कैश अवार्ड के रूप में 1,00,001 रुपया दिया गया. वहीं प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को ट्रॉफी एवं स्मार्ट टीवी दिया गया. प्रतियोगिता के बेस्ट प्लेयर ऑफ फाइनल को ट्रॉफी एवं कैश अवार्ड के तौर पर 2000 रुपये से सम्मानित किया गया.
आयोजन समिति की ओर से राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को रजत पदक दिलाने वाले खिलाड़ी दिनेश कुमार को भी सम्मानित किया गया. समापन समारोह के दौरान सुदेश कुमार महतो ने कहा कि इस प्रतियोगिता का शोर राज्य सहित राज्य के बाहर तक जा रहा है. इस प्रतियोगिता के फाइनल का रोमांच क्रिकेट के इंडिया पाकिस्तान मैच से कम नहीं था. दोनो टीमों ने अपने खेल से दस हजार से अधिक लोगों के दिलों को जीता है. इस प्रतियोगिता के जरिए पद्मश्री राम दयाल मुंडाजी का शौर्य सदा गुंजायमन रहेगा. इस प्लेटफार्म के जरिया राज्य के कई उदीयमान खिलाड़ी आगे बढ़ते रहेंगे.
इसे भी पढ़ें – पपीता, नींबू, आंवला, कटहल, मोरिंगा, ड्रम स्टिक के प्रमोशन के लिए मनरेगा के साथ सफल संचालन के लिए बैठक



