
Jamshedpur : हजारीबाग में अधिवक्ता हेमंत सिकरवार पर हमले के खिलाफ जमशेदपुर के करीब 12 सौ अधिवक्ता मंगलवार को हड़ताल पर रहे. इस दौरान स्टेट बार काउंसिल के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने खुद को न्यायिक कार्यों से दूर रखा. साथ ही काला बिल्ला लगाकर अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले पर विरोध जताया. इसकी जानकारी देते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाला अजीत कुमार अम्बष्ठ ने बताया कि राज्य भर में आए दिन अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं. अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग वर्षो से की जा रही है. बावजूद इसके सरकार अधिवक्ताओं को सुरक्षा मुहैया कराने में विफल साबित हो रही है. ऐसे में राज्य भर के अधिवक्ता अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर आंदोलित हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक मांग पत्र जिले के उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द राज्य में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जा सके.
मुवक्कीलों को हुई परेशानी
इधर अधिवक्ताओं के हड़ताल से मुवक्कीलों की परेशानी बढ़ गई. कई लोग केस में हाजिरी देने कोर्ट तो पहुंचे, लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से खुद को दूर रखने के कारण हाजिरी नहीं दे सके. वहीं अधिवक्ताओं के हड़ताल से ब्लॉक, एसडीएस व सेल टैक्स कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा.
इसे भी पढ़ें – विधायक भूषण बाड़ा ने अविनाश पांडेय से की जाति के आवेदन से धर्म का कॉलम हटवाने में पहल की अपील




