
Khunti: खूंटी जिले की पुलिस ने पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया के कुछ उग्रवादियों और अफीम के मामले में चिन्हित आरोपियों की सम्पत्तियों की जब्ती होगी. संपत्ति के सत्यापन का निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को एसपी ने दी है. मंगलवार को पुलिस ऑफिस के कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में इस बिंदु पर एसपी अमन कुमार ने सभी थानेदारों को आवश्यक निर्देश दिया है.
इसके साथ ही पीएलएफआई को संपूर्ण रूप से खत्म करने की योजना गोष्ठी में बनाई गई है. गोष्ठी समाप्ति के उपरांत पत्रकारों से एसपी अमन कुमार ने बातचीत करते हुए यह जानकारियां दी। एसपी ने बताया कि गोष्ठी में महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध किए गए अपराधों की विशेष समीक्षा की गई है. इन कांडों का अनुसंधान काफी संवेदनशीलता से करने का निर्देश एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को दिया है.
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई. इसे कैसे कम की जाए, इस पर योजना बनाई गई. एसपी ने कहा कि एक्सीडेंट से संबंधित बातें जिला सड़क सुरक्षा की बैठक में रखी जाएगी. उन्होंने बताया कि सभी पुराने कांडों की समीक्षा करते हुए कांडों का अनुसंधान पूरा करते हुए अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय को समर्पित करने का निर्देश दिया.
एसपी ने कहा कि अफीम के विरुद्ध अभियान जारी है. जैसे-जैसे अफीम की खेती की सूचनाएं प्राप्त हो रही है उसपर काम किया जा रहा है. गोष्ठी में खूंटी और तोरपा के एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर तथा सभी थानों के प्रभारी शामिल हुए.




