
Koderma: शनिवार को जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के पेट्रो जलप्रपात में निचले कुंड में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी 31 वर्षीय दीपक कुमार शर्मा के रूप में की गयी. मृतक के साथ आये उसके दोस्त नीतीश कुमार ने बताया कि आठ दोस्तों के साथ वह सभी पेट्रो जलप्रपात में पिकनिक मनाने आए थे. सभी लोग जब खाना बनाने में जुटे हुए थे तो इसी दौरान दीपक कुमार शर्मा अकेले नहाने के लिए निचले कुंड में चला गया. स्थानीय लोगों ने जब एक व्यक्ति के डूबने को लेकर हो हल्ला करना शुरू किया तो सभी कुंड की तरफ दौड़े. दीपक को बचाने के लिए कुछ लोग कुंड में कूदकर प्रयास किया लेकिन उनके भी डूबने की स्थिति में पास खड़े लोगों ने उन्हें बचाया.
बाद में स्थानीय लोगों ने ही दीपक को कुंड से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी. बाद में इसकी सूचना सतगावां पुलिस को सूचना दी गई तो थाना प्रभारी आनंद कुमार साह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मृतक समेत 8 दोस्त चार पहिया वाहन बीआर01 पीएच 3087 से पिकनिक मनाने के लिए पेट्रो जलप्रपात पहुंचे थे.




