Koderma

कोडरमा: झुमरी तिलैया में श्री श्याम सेवा मंडल का वार्षिक महोत्सव शोभायात्रा के साथ शुरू

बनारस की गंगा आरती और कोलकाता की राधा–कृष्ण झांकी आकर्षण का केंद्र

झुमरी तिलैया : श्री श्याम सेवा मंडल, झुमरीतिलैया के तत्वावधान में आयोजित प्रथम वार्षिक श्री श्याम सेवा महोत्सव पूरे भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ शुरू हुआ। महोत्सव के पहले दिन सोमवार को शहर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे झुमरी तिलैया को श्याममय कर दिया। अड्डी बंगला से शोभायात्रा का शुभारंभ सभी श्याम प्रेमियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं जय श्री श्याम के गगनभेदी जयघोष के साथ किया गया। श्याम ध्वज के साथ निकली शोभायात्रा अड्डी बंगला से प्रारंभ होकर झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुँची।

निशान यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा शहर श्याम भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। वही भजन गायक नवीन पांडया के द्वारा भजन कीर्तन करते हुए शंख-नाद और श्याम नाम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। बनारस से आए कलाकारों ने स्टेशन रोड में काशी गंगा आरती की तर्ज पर भव्य श्याम आरती प्रस्तुत की। वहीं बंगाल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा–कृष्ण की सजीव एवं मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही।

शोभायात्रा में निशान धारी के रूप में आशीष पवन चौदह, रितेश सिन्हा एवं बिट्टू पहाड़ी ने श्रद्धा और भक्ति कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद पुनः विधिवत श्याम आरती का आयोजन किया गया, जिसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा में कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव, राजद नेता सुभाष यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शालिनी गुप्ता सहित कई संगठन के लोग शामिल हुए।

मंडल के पुरोहित गौतम पांडेय ने बताया कि मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:30 बजे से महोत्सव की विशेष पूजा प्रारंभ होगी, जो दोपहर 2 बजे तक विधिवत संपन्न होगी। पूजा के पश्चात विधि-विधान के साथ ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। वहीं श्री श्याम सेवा मंडल के अध्यक्ष जोशी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 3 बजे गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत की जाएगी।

Related Articles

Back to top button