
Ranchi: अभाविप रांची महानगर ने पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है. उसके मुताबिक पश्चिम बंगाल के सन्देशखाली में महिलाओं के साथ लगातार दुर्व्यवहार एवं अत्याचार हो रहा. इसे लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन सोमवार को किया गया. मौके पर राँची महानगर मंत्री ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से लगातार 24 परगना जिले अन्तर्गत सन्देशखाली में बांग्लादेश से आये घुसपैठी शाहजहां शेख के द्वारा जबरन भू-कब्जा, यौन उत्पीड़न, गैंगरेप, हत्या जैसी जघन्य अपराध किया गया. इसके बावजूद ममता सरकार मूकदर्शक बनकर बैठी हुई है.
जिस प्रदेश में शक्ति की देवी माँ दुर्गा की पूजा प्रमुखता से की जाती है, उसी प्रदेश की महिलाएं आज ममता सरकार में स्वयं के अस्मिता के बचाव की लड़ाई लड़ रही हैं. वोटबैंक की खातिर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ करवाकर उनको रोबोट की भांति उपयोग करके ममता सरकार जो बंगाल में घृणित राजनीति कर रही है, उसकी जितनी निंदा की जाए ,कम है. महानगर सह-मंत्री शारदा कुमारी ने कहा कि बहुत ही शर्म की बात है कि जिस प्रदेश की मुखिया स्वयं एक महिला है, वहाँ की महिलाएं स्वयं के अस्मिता के बचाव के लिए जूझ रही हैं. जब संदेशखाली की बहन-बेटियों ने अपनी आवाज बुलंद की और बंगाल सरकार से मदद की गहुार लगाई तो बदले में बंगाल सरकार ने TMC के गुंड़ों को बचाने के लिए अपनी पूरी शक्ति लगा दी, इससे प्रतीत होता है कि ममता सरकार कहीं ना कहीं इन गुंड़ों को संरक्षण प्रदान कर रही है. मौके पर प्रदेश सह-कार्यालय मंत्री विद्यानंद राय, प्रदेश सचिवालय कार्य प्रमुख कार्तिक गुप्ता, महानगर सह-कार्यालय मंत्री सोनी कुमारी, किरण कुमारी, यश चौरसिया, सचिन कुमार, नंदराज तिवारी, कबीर शर्मा, परी कुमारी, सोनल झा सहित कई छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थीं.




