Crime NewsJharkhand PoliticsJharkhand StoryRanchi

मेन रोड हादसा: रांची सांसद और विधायक ने रांची पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल, कहा–मॉब लिंचिंग की घटना को छिपाने का प्रयास तो नहीं!

Ranchi: राजधानी रांची के मेन रोड में 24 फरवरी की देर रात कार और स्कूटी में जोरदार टक्कर हुई, जिसमें दो व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर रांची के सांसद संजय सेठ और विधायक सीपी सिंह ने रांची पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस हादसे में कार चालक शिवांश की भी मौत हो गई। शिवांश के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि उसे पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस मामले को लेकर सांसद संजय सेठ ने पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़ा करते हुए ट्वीट किया कि रांची के मेन रोड में हुए हादसे का वीडियो फुटेज यह बताने के लिए काफी है, कि प्रशासन कैसे सच छुपा रहा है। आश्चर्य और दुखद यह भी है कि घटनास्थल के आसपास 12 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं फिर भी पुलिस के पास कोई फुटेज नहीं है। कार चालक शिवांश के पिता का बयान भी बहुत कुछ बताता है.

वहीं रांची के विधायक सीपी सिंह ने इस मामले को लेकर बताया कि कहीं मॉब लिंचिंग की घटना को छिपाने का प्रयास तो नहीं हो रहा है। सड़क दुर्घटना तक सीसीटीवी फुटेज सही है, उसके बाद का फुटेज गायब है। आखिर ऐसी क्या बात है कि जो रांची पुलिस छुपा रही है। राजधानी रांची के बीचो बीच अगर मॉब लिंचिंग हुई है तो पुलिस प्रशासन एक जघन्य अपराध को छुपाने की जितनी भर्त्सना की जाए कम है। खबर है कि पुलिस प्रशासन को बदलने का दबाव डाल रही है।

बता दें कि मेन रोड में 24 फरवरी की रात करीब एक बजे हुए स्कूटी व कार टक्कर मामले में मृतक शमशाद के भाई मो.सागीर ने धक्का मारने वाले कार व उसके चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। धारा 279, 337, 338, 304 ए और 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 24 फरवरी की देर रात एक बजे मो. शमशाद (40) अपने बच्ची सानिया परवीन (12) और पुत्र मो.रेहान (8) के साथ स्कूटी से अंजुमन प्लाजा मेन रोड से एक शादी समारोह से रतन टॉकिज की ओर से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे मेन रोड में स्टेलो टेलर के पास स्कूटी से पहुंचे विपरीत दिशा से तेज रफ्तार कार (जेएच01डीक्यू4744) ने लापरवाही और तेज रफ्तार में स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना के बाद उनके भाई शमशाद और बच्चों को पुलिस ने इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया। लेकिन इलाज के दौरान शमशाद की मौत हो गई। दोनों बच्चों सानिया और रेहान का इलाज चल रहा है।

Related Articles

Back to top button