
Ranchi : पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने दुमका में माफिया राज बढ़ने का आरोप लगाया है. मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उपराजधानी दुमका में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. बच्चियों के साथ गलत हरकत की घटनाओं के अलावा पुलिस कर्मियों तक की हत्या होने की खबर सामने आने से लोगों में डर का माहौल है. बालू, पत्थर तस्करी सामान्य बात हो गयी है. बाकायदा सरकारी संरक्षण में दुमका में माफिया राज तेजी से फल-फूल रहा है.
इसे भी पढ़ें :काम पूरा होने से पहले टूटने लगा कंसजोर जलाशय का नहर, जांच के लिये हाईकोर्ट से गुहार
जो तस्वीर अभी दुमका में दिखने लगी है, इससे लोग अपने सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंतित होते जा रहे हैं. कारोबार, शिक्षा, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा समेत जैसे मसलों पर यहां हालात तेजी से गिर रहे हैं. इसे देखते हुए 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फूलो झानो चौक (दुमका) पर कोरोना गाइड लाइन का पालन करते सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इस दौरान उनके साथ जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मंडल औऱ अन्य भी उपस्थित थे.
स्थानीय विधायक सवालों के घेरे में
लुईस मरांडी ने कहा कि स्थानीय विधायक बसंत सोरेन का प्रभाव लगातार स्थानीय और पुलिस प्रशासन पर बढ़ता जा रहा है. जिले सहित आसपास के इलाकों से खनिज संसाधनों की लूट लगातार जारी है. उनकी भूमिका की जांच को लेकर 14 जुलाई को उन्होंने दुमका डीसी के पास लिखित शिकायत भी की थी पर 10 दिनों में भी इस पर गंभीरता नहीं दिखायी गयी. अब ऐसे में सत्याग्रह कार्यक्रम के जरिये आवाज बुलंद की जायेगी.
बाबूलाल सहित अन्य नेता भी होंगे शामिल
श्रीनिवास मंडल के मुताबिक पांच दिवसीय सत्याग्रह कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के नेता से लेकर जिला स्तर कार्यकर्ता भी भाग लेंगे. इसमें सभी मंडलों से लोग कोविड-19 का गाइडलाइन का पालन करते हुए शामिल होंगे. कार्यक्रम में 50 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे. पार्टी विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सहित अन्य कई बड़े नेता भी इस कार्यक्रम के जरिये राज्य सरकार की पोल जनता के सामने खोलेंगे.
इसे भी पढ़ें :विधायकों की पिटाई मामले में विधानसभा में फिर हंगामा, सरकार ने कहा- दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई




