
Giridih : गिरिडीह के पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित चिकित्सक अजीत कुमार ने मंगलवार को आत्मदाह की कोशिश की. जिसे पुलिस ने रोक लिया. डॉक्टर कुमार अस्पताल परिसर में एक बोतल में पेट्रोल लेकर दाखिल हुए और खुद पर तेल छिड़कने लगे. यह देख वहां उपस्थित पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका.
इसे भी पढ़ें:रांची में फादर स्टेन स्वामी के घर पर पुणे की पुलिस ने मारा छापा, लैपटॉप-मोबाइल जब्त
सरकारी केंद्र को निजी संस्था को सौंपने का विरोध
दरअसल, डॉक्टर अजीत कुमार मधुबन उपस्वास्थ्य केंद्र को एक निजी संस्था दीपक फाउंडेशन को स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीपीपी मोड के तहत सौंपने का शुरू से विरोध कर रहे हैं. विवाद के कारण यह केंद्र कुछ समय से बंद था. पिछले दिनों संस्था के प्रतिनिधि इसे फिर से खोल कर इसका संचालन करने लगे. इसके कारण डॉ अजीत ने चैतावनी दी थी कि अगर इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मनमानी करेंगे और उन्हें काम नहीं करने देंगे तो वह आत्मदाह कर लेंगे. डॉक्टर की चेतावनी पर पुलिस पहले से सतर्क थी.
क्या कहते हैं प्रभारी डॉक्टर
डॉ अजीत का कहना है कि वह सालों से अपनी सेवा पूरी निष्ठा से इस केंद्र में दे रहे हैं. इसके बावजूद केंद्र की व्यवस्था को खराब बताकर इसके संचालन का जिम्मा किसी निजी संस्था को सौंपना सरासर गलत है. उन्होंने कहा कि सरकारी सिस्टम को बेच कर प्राइवेट को घुसाना, यह कौन सा तरीका है. एक निजी संस्था किसी सरकारी डॉक्टर को कैसे कोई आदेश दे सकता है.




