
Ranchi: झारखंड इन दिनों हीट वेव की चपेट में है. मौसम विभाग हर दिन अलर्ट जारी कर चेता रहा है कि आगामी 11 जून तक पूरे राज्य में लू चलेगी. अलर्ट जारी कर लोगों से अपील की जा रही है कि दोपहर 12 बजे के बाद बेवजह घर से न निकलें. लेकिन इस चेतावनी का राज्य के शिक्षा विभाग पर कोई असर नहीं पड़ रहा है. इतनी भीषण व प्रचंड गर्मी और मौसम केंद्र द्वारा चेतावनी दिये जाने के बावजूद रांची प्रमंडल के सरकारी स्कूल 5 जून से खोल दिये गए. कड़ी धूप व बढ़ते तापमान में स्कूल खुलने का खामियाजा नौनिहालों को उठाना पड़ रहा है. देह झुलसा देने वाली गर्मी में छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाने को मजबूर हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: अब प्राइवेट हॉस्पिटल-क्लिनिक और नर्सिंग होम वालों की नहीं चलेगी मनमानी, सेवाओं और चार्ज के साथ लगाना होगा डिसप्ले.
हीट वेव के कारण अप्रैल में बदला गया था समय
इसी साल अप्रैल माह में अचानक गर्मी बढ़ी थी. संथाल के गोड्डा में पारा 45 डिग्री के पार चला गया था. उस दौरान पूरे संथाल में पारा 40 डिग्री से ऊपर था. फिर भी रांची का अधिकतम तापमान 39 के आसपास था. जब बात उठी तो स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के. रवि कुमार ने आदेश जारी कर राज्य के सभी स्कूलों का समय बदल दिया था. उस आदेश के मुताबिक 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक केजी से 5 तक की कक्षाएं सुबह 7 से 11 और छह से ऊपर की कक्षाएं सुबह 7 से 12 बजे तक संचालित हुई थी. बाद में पारा गिरने की वजह से पूर्व की तरह कक्षाएं चलने लगीं. लेकिन जून माह में जिस तरह से गर्मी पड़ रही है, उसपर कोई गौर नहीं कर रहा है.

11 जून तक कहां कितना रहेगा पारा
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 11 जून तक अधितकम पारा देवघर में 33 डिग्री, धनबाद में 44 डिग्री, गोड्डा में 45 डिग्री, जामताडा़ में 44 डिग्री, साहिबगंज और पाकुड़ में 43 डिग्री सेल्यियस रहेगा. जबकि कोडरमा में 44 डिग्री, चतरा में 44 डिग्री, गढ़वा में 45 डिग्री, पलामू में 45, लातेहार में 43 और लोहरदगा में 43 डिग्री रहेगा. यही नहीं बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में पारा 40 से 42 डिग्री के बीच रहेगा. इसके अलावा, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भी पारा 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा.




