
Patna: बिहार में कोरोना के बढ़ते केस और लॉकडाउन के बीच सरकार ने कुछ छूट भी ही है. दिल्ली की ही तर्ज पर बिहार सरकार ने ऑड-ईवन नियम के तर्ज पर सार्वजनिक गाड़ियों के परिचालन की अनुमति दी है. ताकि लॉकडाउन के दौरान आम लोगों को आवश्यक कारणों से कहीं आने-जाने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े.
इसे भी पढ़ेंःआज दस्तक देगा #SuperCyclone “अम्फान”, जानें झारखंड में कितना होगा इसका असर
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया है कि ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा का परिचालन जिले के अंदर ऑड-ईवन रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर किया जायेगा. क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद इस पर फैसला किया गया है. इसके लिए परिवहन विभाग ने सभी जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक,पुलिस अधीक्षक को अनुपालन का निर्देश दिया है.
ऑड-ईवन का कैसा होगा स्वरूप?
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को ऑड नंबर के वाहन चलेंगे, जबकि मंगलवार, गुरुवार, शनिवार एवं रविवार को ईवन नंबर के वाहन चलेंगे. आटो रिक्शा एवं ई रिक्शा चालक के अतिरिक्त मात्र दो व्यक्तियों के बैठने की अनुमति होगी.
परिवहन सचिव ने बताया कि टैक्सी, कैब, ओला, उबर आदि का परिचालन जिले के अंदर किया जायेगा एवं उसमें चालक के अतिरिक्त दो व्यक्तियों को बैठाने की अनुमति होगी. जिला के बाहर अंतरजिला परिचालन के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्गत पास या स्पेशल ट्रेन का रेलवे टिकट जरूरी होगा. परिवहन सचिव ने बताया कि जो दिल्ली या अन्य जगहों से राजधानी स्पेशल ट्रेन से आ रहे हैं, वो चलने से पहले ऑनलाइन ओला, उबर टैक्सी की बुकिंग भी करा सकते हैं.
जिले के अंदर विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, टैक्सी आदि के किराये का निर्धारण संबंधित जिलाधिकारी द्वारा किया जायेगा. समुचित भाड़ा का निर्धारण जिलाधिकारी सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार पैसेंजर की संख्या के रिस्ट्रिक्शन को ध्यान में रखकर करेंगे.
इसे भी पढ़ेंःबिहार: कोरोना के 77 नये केस, संक्रमितों की संख्या 1,500 के पार
राज्य में 1500 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव
बिहार में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 77 नये मामले सामने आने के साथ ही प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1519 हो गयी है. जबकि इस महामारी से बिहार में अबतक कुल 9 लोगों ने अपनी जान गंवाई है. 77 नये मामलों में जहानाबाद के 30, कटिहार के 13, बेगूसराय के 12, कैमूर एवं भागलपुर के 05—05, औरंगाबाद के 04, अरवल के 03 और बक्सर, नवादा, जमुई, सुपौल एवं पटना के एक-एक मामले शामिल हैं.
गौरतलब है कि बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण से अबतक कुल नौ मरीजों की जान जा चुकी है. जिसमें पटना एवं वैशाली में दो-दो और मुंगेर, रोहतास, पूर्वी चंपारण, सीतामढी एवं खगड़िया जिले में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है. बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब तक सबसे अधिक पटना में 167 केस हैं.
इसे भी पढ़ेंः#Lockdown जारी होने तक ई-कॉमर्स की जगह कपड़ा दुकान खोलने की अनुमति दे सरकार : चैम्बर




