
Latehar: जिले के चंदवा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक से युवक-युवती की सिर कटी लाश बरामद की गई है. दोनों को प्रेमी जोड़ा बताया जा रहा है. साथ ही मामले को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि पुलिस की छानबीन में अभी तक आत्महत्या का मामला लगता है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद क्लियर होगा कि दोनों ने आत्महत्या की है या फिर उनकी हत्या करके उनका शव रेलवे ट्रैक पर फेंके गए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल में भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार शव की पहचान मुकेश मुंडा (22 वर्ष) और रंजनी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों चंदवा थाना क्षेत्र के मल्हार गांव के रहने वाले थे. रविवार को दोनों के शव चंदवा थाना क्षेत्र के केकराही में रेलवे लाइन पर देखे गए. प्रथम दृष्टया घटना को प्रेमी युगल के द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला समझा जा रहा है, परंतु मृत युवक के परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि पूरी तरह हत्या का मामला है.
ग्रामीणों के अनुसार मुकेश और रंजनी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इसी बीच शनिवार को दोनों घर से गायब थे. शनिवार की देर रात इस मार्ग से गुजरने वाली ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर दो शव पड़े होने की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी. स्टेशन मास्टर की सूचना पर चंदवा पुलिस सक्रिय हुई और रविवार की सुबह चंदवा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने घटनास्थल पर पहुंच कर सर्च अभियान चलाया. इस दौरान 2 शव बरामद किए गए और उनकी पहचान कराई गई. पुलिस का कहना है कि छानबीन और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है. युवक- युवती का शव एक साथ रेलवे ट्रैक पर मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.
इसे भी पढ़ें: शहीद संदीप पाल का पार्थिव शरीर पहुंचा रांची, राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि




