
Latehar : जिले के हेरहंज प्रखंड के हेसातू गांव में अवैध संबंध के आरोप में युवक की पिटाई से हुई मौत मामले में शनिवार को कार्रवाई की गयी. चार आरोपियों को जहां गिरफ्तार कर लेने की जानकारी दी गयी है वहीं, थाना प्रभारी को उनके पद से हटा दिया गया. पलामू के डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में शनिवार शाम तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में कार्रवाई नहीं करने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए हेरहंज थाना प्रभारी को उनके पद से हटा दिया गया है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
बताते चलें कि गत गुरुवार की रात हेसातू गांव में पंचायत बुलाई गई थी. इसमें दिनेश सिंह की एक महिला से अवैध संबंध के आरोप में जमकर पिटाई की गई। इसके साथ ही पंचायत में दिनेश सिंह की पत्नी और उसके अन्य परिजनों की भी पिटाई की गई थी और 51 हजार रुपये जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया, लेकिन पिटाई की वजह से दिनेश सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और शुक्रवार को उसकी मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें:उत्तराखंड चुनावः गरजे आलमगीर आलम, कहा- 5 सालों में भाजपा ने दिये 3 सीएम, अब कांग्रेस की सरकार तय
दिनेश की मृत्यु के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए. इसके साथ ही युवक की पत्नी ने गांव के मुखिया पति समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाने को लेकर आवेदन दिया.
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को हेरहंज-पांकी मुख्य सड़क पर भंडार चौक पर शव के साथ पहुंचे और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. दो घंटे तक सड़क को जाम रखा.

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की. जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार खड़ी रही.
इसे भी पढ़ें:लोहरदगा में नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल
सड़क जाम किए लोगों ने कहा कि घटना में शामिल लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ साथ तत्काल उन्हें गिरफ्तार किया जाए. ग्रामीणों ने कहा कि युवक की पत्नी को सरकारी नौकरी के साथ-साथ मुआवजा दिया जाए.
सूचना मिलने पर एसडीओ शेखर कुमार, डीटीओ संतोष सिंह एवं एसडीपीओ अजित कुमार मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास कर हटा जाम हटवाया.

इधर, मामले में ग्रामीणो ने हत्या के मुख्य आरोपी सोहराई सिंह की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने तीन गिरफ्तारियों की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर मुखिया पति समेत अन्य पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.
तीन गिरफ्तार आरोपियों में दशरत सिंह पिता-जलजीत सिंह, सूरजदेव सिंह, पिता-वृक्ष सिंह और राजकुमार सिंह, पिता-लखन सिंह सभी हेसातु शामिल हैं. जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:Bengal Municipal Election 2022: जामुरिया में पोलिंग बूथ के बाहर चली गोली, CPM उम्मीदवार की बेटी ने किया फेसबुक लाइव




