
Giridih : विजयादशमी के साथ ही नौ दिनों तक चलने वाला शारदीय नवरात्र शुक्रवार को धूमधाम के साथ संपन्न हुआ. इस दौरान शहर के साथ ग्रामीण इलाके के अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन भी हुआ. भक्तों की टोली जहां जय दुर्गे का जयकारा लगाते हुए माता की प्रतिमा को मालवाहक वाहनों से शहर के तालाबों में विसर्जन किया.

वहीं दूसरी तरफ परंपरा के अनुसार शहर के बरगंडा काली मंडा, गांधी चौक की बड़की दुर्गा मईया, छोटकी दुर्गा मईया और पचंबा दुर्गा स्थान की प्रतिमा को हजारों भक्तों की भीड़ ने कंधे पर लेकर विसर्जन के लिए निकले. शहर भ्रमण के बाद माता की प्रतिमा का वसर्जन किया गया. इस दौरान पचम्बा दुर्गा स्थान की प्रतिमा को जहां पचम्बा बुढ़वा आहर तालाब में विसर्जन किया गया.

बरगंडा काली मंडा की प्रतिमा को शहर के सुंदर तालाब में विसर्जन किया गया. जबकि बड़की मईया और छोटकी मैया की प्रतिमा को शहर के बरवाडीह के मानसरोवर तालाब तक भक्त कांधे पर लिए पहुंचे. जहां परंपरा के अनुसार नाव पर प्रतिमा पर विसर्जन किया गया. इसी मानसरोवर तालाब में सदर पारखंड के करीब 14 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए हजारों की संख्या में भक्तो की भीड़ जुटी थी. इस दौरान डीसी राहुल सिन्हा, एसपी अमित रेनू समेत पूरे शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस जवान भी तैनात थे.





