
Dumka : जिले के नक्सल प्रभावित शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सहित अवैध पत्थर खादान संचालक को गिरफ्तार करने में कामयाब रही. पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के सिलायपहाड़ी गांव से शनिवार को मिली. छापेमारी टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी मनोज ठाकुर कर रहे थे. सूचना मिलने पर सहयोगी एएसआई लखबीर सिंह चहल, अश्वनी झा सहित दल-बल के साथ सिलायपहाड़ी गांव पहुंचे. जहां अवैध खादान संचालक प्रदीप पोद्दार को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया. थाना प्रभारी ठाकुर ने बताया कि पुलिस मौके से 100 जिलेटीन, 100 डेटोनेटर, दो ब्लास्टिंग मशीन, 20 किलोग्राम अमोनियम नाईट्रेट बरामद किया.
पुलिस की पकड़ से अब भी चार नामजद आरोपी दूर
पुलिस अवैध खदान संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यहां बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध खदान संचालन पर रोक लगाने को कानूनी कार्रवाई कर नकेल कसते हुए यह तीसरी बड़ी कामयाबी है. एक सप्ताह पूर्व अवैध खादान संचालक आदित्य गोस्वामी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. जिला प्रशासन डीटीओ विद्याभूषण के नेतृत्व में 24 अगस्त को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस लगाते हुए मृत्युंजय सिंह, सुरेश भगत, बुधराय हांसदा, आदित्य गोस्वामी एवं अकाल मियां सहित पांच के विरूद्ध माईनिंग एवं एक्सप्लूसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर खादान में इस्तेमाल किए जा रहे कई जेसीबी जब्त किया था. यहां बता दें कि पुलिस की पकड़ से अब भी चार नामजद आरोपी दूर है. नामजद आरोपियों एक आरोपी बुधराय हांसदा भाजपा के कद्दावर कार्यकर्त्ता बताये जा रहे है. पुलिस इस पर हाथ डालने से कतरा रही है.




