Chatra

सत्यानंद भोक्ता के श्रम नियोजन मंत्री रहते मात्र 54 लोगों को मिली होम गार्ड और कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी: सुदेश महतो

Chatra: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने रविवार को कहा कि झारखंड में चल रही सरकार ने राज्य की छवि बिगाड़ कर रख दी है. जिस तरह के हालात बने हैं, उसमें राज्य को संवारना और साख बचाना जरूरी है. साथ ही जवाबदेह राजनीति को स्थापित करना होगा. चतरा के प्रतापपुर में आयोजित पंचायत एवं ग्राम प्रतिनिधियों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि सरकार के लिए यह विदाई का साल है. राज्य के लोगों का शासन पर से विश्वास खत्म हो गया है. नियोजन, विस्थापन की समस्या दूर करने और स्थानीय नीति बनाने का वादा कर के सत्ता में आए लोग अपने वादे को भूल गए.
चतरा के विधायक और सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता पर निशाना साधते हुए आजसू प्रमुख ने कहा कि चतरा की जनता ने उन्हें जनप्रतिनिधि बना कर सदन में भेजा. इनके श्रम एवं नियोजन मंत्री होते हुए भी मात्र 54 लोगों को नौकरी ही मिल पाई. वह भी होम गार्ड और कंप्यूटर ऑपरेटर की. युवाओं को नियोजन से जोड़ने के लिए नियोजन नीति बनाने में भी मंत्री विफल रहे.
सरकार रोजगार मेले का आयोजन कर प्राइवेट कंपनियों में युवाओं को काम के नाम पर ऑफर लेटर थमा देती है, पर दूसरे राज्यों में जाकर 10- 12 हजार के काम से किसी का घर-बार चलता है क्या. जो लोग बाहर गए वो भी काम छोड़ कर वापस आ गए. राज्य के युवा इसका जवाब इन्हें देंगे. उन्होंने कहा कि आज राज्य का कोई भी कर्मचारी और पदाधिकारी बिना पैसे लिए किसी फाइल पर हाथ नहीं लगाता. सम्मेलन में मुख्य रूप से केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव अशोक गहलोत समेत अन्य उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: राजभवन उद्यान का आनंद लेने पहुंचे एक लाख से अधिक लोग

Related Articles

Back to top button