
Bermo: बेरमो अनुमंडल के सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत स्वांग-गोविन्दपुर परियोजना के फेज दो ओपन कास्ट में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी में विस्थापितों को रोजगार की मांग को लेकर परियोजना पदाधिकारी के कार्यालय में बुधवार को विभिन्न विस्थापित संगठनों के प्रतिनिधि,मुखिया,जन प्रतिनिधि के साथ बैठक आयोजित की गई. परियोजना के आउटसोर्सिंग के तहत कार्य करनेवाली कंपनी में नियोजन की मांग को लेकर पिछले दिनों विभिन्न विस्थापित संगठनों द्वारा परियोजना के फेज दो ओपन कास्ट में कार्य करनेवाली कंपनी आरए माइनिंग में राज्य सरकार के नियोजन संबंधी नियमावली के तहत 75 फीसदी नियोजन स्थानीय विस्थापितों को देने की मांग को लेकर आंदेलन कर रहे थे.
आंदोलन को देखते हुए परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में एक सामुहिक बैठक आयोजित की गई थी जिसमें यह निर्णय हुआ था कि सभी संगठन मिल कर संयुक्त रूप से विस्थापित बेरोजगार युवाओं की एक सूची बनाकर परियोजना कार्यालय में देंगे,जिसे परियोजना द्वारा सत्यापित कर नियोजन कार्यालय बोकारो थर्मल को नियोजन के लिए भेज दिया जाएगा.वार्ता पर सहमति के बाद सर्वसम्मति से विस्थापितों की संयुक्त समिति के अध्यक्ष और सचिव का चयन किया गया,जिसमें कुलदीप प्रजापति को अध्यक्ष और डॉ दशरथ महतो को सचिव नियुक्त किया गया.
बैठक में परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी के अलावा कार्मिक प्रबंधक संविराज सिंह,गोमिया विधायक प्रतिनिधि कुलदीप प्रजापति,झारखंड प्रदेश कार्य समिति सदस्य रामकिंकर पांडेय, मुखिया तारामणि भोक्ता, गोविंदपुर ए एवं ई के मुखिया विश्वनाथ महतो,अंजू आलम,अरमो मुखिया कैथरीना हांसदा, नरेश राम महतो,प्रफुल्ल ठाकुर,बालेश्वर यादव, महबूब आलम,नागेश्वर महतो,चंद्रिका रजक,दीपक वर्मा, किशोर महतो,रामटहल महतो,मुमताज आलम आदि मौजूद थे.




