
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नगर निगम की गाड़ी में एक के बाद एक 13 शवों को जानवरों की तरह घसीटते हुए डाले जाने के मामले में अब राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कोलकाता नगर निगम प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है.
एक दिन पहले ही उन्होंने इस मामले में राज्य के गृह सचिव अलापन बनर्जी से रिपोर्ट तलब की थी. दरअसल गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें देखा जा सकता था कि शवों को जानवरों की तरह घसीटते हुए गर्दन में डंडा फंसा कर उन्हें गाड़ियों में डाला जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – Corona: रांची के दो निजी अस्पतालों में दो नये संक्रमित मिले, झारखंड में हुए 1612 केस
वीडियो वायरल होने के बाद घिरी सरकार
वीडियो वायरल होने के बाद राज्य सरकार चौतरफा घिर गयी थी. भाजपा ने आरोप लगाया था कि ये शव कोविड-19 से मरनेवाले लोगों के हैं और राज्य सरकार आंकड़े छिपाने के लिए चोरी-छिपे इन्हें ठिकाने लगा रही थी. हालांकि बाद में एनआरएस अस्पताल ने बयान जारी कर दावा किया था कि ये लावारिस शव थे, इन्हें अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम को सौंपा गया था. दावा किया गया था कि ये शव कोविड-19 से मरनेवालों के नहीं थे.
इसे भी पढ़ें – दुनियाभर में मंदी की मार , फिर भी 74 फीसदी लोग खरीदना चाहते हैं कार
राज्यपाल ने किया ट्वीट
इसके बाद कोलकाता पुलिस ने इसे कोविड-19 मृतकों के शव करार देनेवाले भाजपा नेताओं और अन्य नागरिकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था. इसी को लेकर राज्यपाल ने शुक्रवार को तीन ट्वीट किये हैं. इनमें उन्होंने लिखा है कि सवाल यह नहीं है कि शव कोविड-19 पीड़ित लोगों के थे या नहीं लेकिन जिस तरह से उन्हें बर्बर तरीके से जानवरों की तरह घसीटते हुए ले जाया गया वह शर्मनाक है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि यह हैरान करनेवाला है कि इस वीडियो के बारे में सवाल पूछने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें दमन करने की कोशिश की जा रही है. यह दुखद है. अपने ट्वीट में राज्यपाल ने लिखा है कि उन्होंने इस मामले में कोलकाता नगर निगम के वर्तमान प्रशासक फिरहाद हकीम और निगमायुक्त से रिपोर्ट तलब की है.
इस वीडियो को लेकर सवाल खड़ा करनेवालों पर सवालिया निशान लगानेवाले तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की ओर इशारे-इशारे में हमला करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जो लोग इस मामले पर सवाल खड़ा कर रहे हैं अगर ये शव उनके परिजनों के होते तो कैसा लगता?
इसे भी पढ़ें – NewsWingImpact: मनरेगा कर्मियों के खाली पड़े पदों पर शुरू हुई नियुक्ति प्रक्रिया



