
Kolkata : पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर, करीमपुर और कालियागंज विधानसभा सीटों पर सोमवार को उपचुनाव के लिए मतदान होना है. इसके लिए आयोग की ओर से तीनों क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव के लिहाज से सुरक्षा हेतु 20 कंपनी केंद्रीय जवानों की तैनाती की गयी है.
इसमें से अकेले करीमपुर में 10 कंपनी केंद्रीय बलों की तैनाती होगी. जबकि बाकी 10 कंपनी में से पांच कंपनी खड़गपुर सदर और बाकी पांच कंपनी कालियागंज विधानसभा क्षेत्रों में तैनात हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में सशस्त्र केंद्रीय बलों की टुकड़ियों तैनात की गयी है.
ये सारे जवान राज्य पुलिस के साथ मिलकर मतदान और मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे.
इसे भी पढ़ेंः #PALAMU : नक्सली हमले का शिकार हुए मोहन गुप्ता रह चुके थे MCC कैडर, पहले भी हमला हुआ था, फिर भी सुरक्षा नहीं मिली
तृणमूल भाजपा के लिए लिटमस टेस्ट है उपचुनाव
2021 के विधानसभा चुनाव से पूर्व और लोकसभा चुनाव के बाद यह पहला उपचुनाव एक तरह से तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी भाजपा के लिए लिटमस टेस्ट है. हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा राज्य में 42 में से 18 सीटें जीतकर राज्य में सत्ता का दावेदार बन चुकी है.
2021 के विधानसभा चुनाव में पार्टी हर हाल में बंगाल की सत्ता फतह की रणनीति बनाकर चल रही है. इधर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपना गढ़ बचाने के लिए राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की सलाह पर जनसंपर्क का राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है. 28 नवंबर को मतगणना होगी.
इसे भी पढ़ेंः #Chhattisgarh : नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में उत्पात मचाया, NMDC खदान में नौ वाहन फूंक डाले
क्यों हो रहा है उपचुनाव
खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष विधायक थे लेकिन लोकसभा में जीत के बाद यह सीट खाली हो गयी थी. इसी तरह से करीमपुर से तृणमूल कांग्रेस की ओर से महुआ मोइत्रा विधायक थीं जिन्होंने कृष्णानगर लोकसभा केंद्र से जीत दर्ज कर ली थी. इसलिए यह सीट खाली हुई थी.
किस पार्टी से कौन है मैदान में
कलियागंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ओर से धित्तश्री रॉय को उम्मीदवार बनाया गया है. जिन्हें माकपा का समर्थन मिला है. भाजपा की ओर से कमल चंद्र सरकार और तृणमूल ने तपनदेव सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है. करीमपुर विधानसभा क्षेत्र में माकपा ने गुलाम रवि को उम्मीदवार बनाया है.
जिन्हें कांग्रेस का समर्थन मिला हुआ है. भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार को यहां से टिकट दिया है. लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम किया था. तृणमूल की ओर से विमलेंदु सिंह रॉय उम्मीदवार हैं. इसी तरह से भाजपा का गढ़ माना जाने वाले खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से प्रेमचंद्र झा को टिकट दिया गया है.
जबकि कांग्रेस समर्थित माकपा उम्मीदवार चितरंजन मंडल और तृणमूल के प्रदीप सरकार उनके प्रतिद्वंदी हैं. प्रदेश भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मतदान से पूर्व मीडिया से बात करते हुए कहा है कि इन तीनों ही क्षेत्रों से भाजपा की जीत होगी. तृणमूल और माकपा तथा कांग्रेस ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है.
राज्य पुलिस के जवान भी रहेंगे तैनात
चुनाव आयोग सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जायेगा. जो शाम छह बजे तक चलने की संभावना है. आयोग सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि केंद्रीय जवानों के साथ राज्य पुलिस के जवान भी मिलकर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे.
तीनों ही विधानसभा क्षेत्रों में अलग से चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं. और सीसीटीवी कैमरो तथा वेब ब्रॉडकास्ट के जरिए मतदान प्रक्रिया की लाइव निगरानी होगी.
इसे भी पढ़ेंः #Sci&Tech : इथोपिया के ये तालाब किसी भी तरह के जीवन के लिए सबसे दुरूह स्थान हैं




