National

#Chhattisgarh : नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में उत्पात मचाया, NMDC खदान में नौ वाहन फूंक डाले

Raipur :  छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में रविवार की सुबह नक्सलियों ने बड़ा  उत्पात मचाया. खबरों के अनुसार  दंतेवाड़ा के बैलाडिला इलाके में एनएमडीसी (NMDC) की खदान में  काम पर लगे 9 वाहनों को फूंक दिया. इसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया.  जान लें कि नक्सली लगातार इस क्षेत्र में खुदाई का विरोध करते रहे हैं.  इसके तहत आज रविवार को इस वारदात को अंजाम दिया.

घटना को अंजाम देने 45-50 हथियारबंद नक्सली पहुंचे थे

अपने लीडर साईनाथ और देवा के साथ घटना को अंजाम देने 45-50 हथियारबंद नक्सली पहुंचे थे. नक्सली वारदात को अंजाम देकर बीजापुर की तरफ जंगलों में भाग गये. सुरक्षा बल के जवान जंगलों की सर्चिंग कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि जिस जगह पर वाहनों को आग के हवाले किया गया, वहां खदान शुरू करने के लिए पहाड़ों को काटकर रास्ते बनाने का काम चल रहा था.

दंतेवाड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने 6 टिप्पर, 2 डोजर और 1 जेसीबी को जला दिया. वहां काम कर रहे लोगों को भी नक्सलियों ने  काम नहीं करने की धमकी दी. नक्सलियों ने उन्हें डराया और जान से मारने की धमकी भी दी.

इसे भी पढ़ें : #MahaPoliticalTwist  फ्लोर टेस्ट टला, SC  में कल फिर सुनवाई, सरकार और सीएम फडणवीस को नोटिस

शनिवार की देर शाम भी नक्सलियों ने वाहनों में आगजनी की

उधर कोंडागांव  जिले में भी नक्सलियों ने उत्पात मचाया. शनिवार की देर शाम नक्सलियों ने जिले के अतिसंवेदनशील क्षेत्र मढोनार में वाहनों में आगजनी की. नक्सलियों ने 4 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी व मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया.  निर्माण कार्य में लगे इन वाहनों में आगजनी के साथ ही नक्सलियों ने वहां मौजूद लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश भी की. बताया जा रहा है कि करीब 300 की संख्या में हथियारबंद नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

इसे भी पढ़ें : #MaharashtraPolitics : भाजपा ने NCP विधायक दल के नेता पद से अजित पवार को हटाये जाने को अवैध करार दिया

Related Articles

Back to top button