
Koderma : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र डंडाडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम कंझीयाडीह में रविवार को दीवार गिरने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गयी. मृतका रिया कुमारी के पिता रंजीत साव ने बताया कि घर के बगल में एक पुरानी दीवार थी, उसी के बगल में बच्चे खेल रहे थे. अचानक दीवार रिया पर ही गिर गयी. जिससे मलवे में दबकर बच्ची की मौत हो गयी.
इसे भी पढ़ें :लोन दिलाने के नाम पर सहकर्मी ने महिला से लिया एटीएम कार्ड, 8 लाख की कर ली निकासी
दीवार गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और करीब 15 मिनट बाद मलबे से रिया को बाहर निकाला गया. रिया की नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले गए. पर बच्ची को यहां इलाज नहीं मिल पाया.
यहां डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के नहीं रहने से करीब आधे घंटे तक परिजन परेशान रहे. बाद में परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया पर एंबुलेंस आने में देरी होने से परिजन बच्ची को बाइक से ही सदर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे. इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से एंबुलेंस से बच्ची को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें :सेन्टर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन का 51 वां स्थापना दिवस




