
Ranchi : मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर ससमय योजनाओं को पूर्ण करवाने एवं ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचाने को लेकर मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने सभी जिलों के परियोजना पदाधिकारियों के साथ सर्ड सभागार में बैठक की. संचालित योजनाओं की जिलावार जानकारी ली. मनरेगा की प्रमुख योजनाओं यथा बिरसा हरित ग्राम योजना, विकास योजना, आंगनबाड़ी योजनाओं के आवश्यक प्रगति लाने का निर्देश दिया. ताकि, ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजित किया जाये और योजनाओं का क्रियान्वयन बड़े पैमाने पर हो. उन्होंने कहा कि योजनाओं का स्थल निरीक्षण भी किया जायेगा.
बैठक में मनरेगा आयुक्त द्वारा मनरेगा अन्तर्गत सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. साथ ही मनरेगा आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाबद्ध तरीके से एक समुचित कार्य प्रारूप तैयार कर जल्द से जल्द सभी योजनाओं को पूर्ण करने की दिशा में कार्य करें. मनरेगा योजनांतर्गत सक्रिय मजदूरों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग कराने का निर्देश दिया. उन्होंने पूर्व की लंबित योजनों का अवलोकन कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें पूर्ण कराने का निर्देश दिया. वहीं उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर लंबित एटीआर के साक्ष्य भी अपलोड करने का निर्देश दिया.
लंबित योजनाओं को कार्ययोजना बना कर ससमय करें पूर्ण
मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी के द्वारा मनरेगा कार्य की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2019-20 की योजनाओं की भी समीक्षा की गई. लंबित योजनाओं की जानकारी लेते हुए उसे कार्ययोजना बना कर सभी उप विकास आयुक्तों को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
योजनाओं का लक्ष्यानुरूप प्रगति करें सुनिश्चित
मनरेगा आयुक्त ने अमृत सरोवर के तहत किए जा रहे कार्यों के संबंध में बिंदुवार चर्चा करते हुए लक्ष्यानुरूप प्रगति अर्जित करने के लिए सभी परियोजना पदाधिकारियों को निर्देशित किया साथ ही, अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों का जीर्णोद्धार/निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए ससमय कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) इत्यादि की भी समीक्षा की गयी.
इसे भी पढ़ें – हटिया ग्रिड की मरम्मत के कारण राजधानी में हो रही बिजली कटौती



