
Ranchi : शहर में कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. निर्माणकार्य को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में फेरबदल भी की गयी है. लेकिन लोगों को जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है. इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ओर से निर्धारित किए मार्गों पर साइन बोर्ड लगाया जा रहा है ताकि वाहन चालक जाम में न फंसे. साइन बोर्ड लगाने की शुरूआत रविवार से कर दी गई है. ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रथम चरण में छह स्थानों पर साइन बोर्ड लगा दिया गया है. साइन बोर्ड बहुबाजार, संत पॉल कॉलेज के पास और बसर टोली में लगाया गया है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बहुबाजार से कांटाटोली जाने के लिए रूट डायवर्ट किया गया है. यह रूट बहुबाजार से संत पॉल कॉलेज से बसर टोली होते हुए कांटाटोली की तरफ भेजा गया है. वाहन चालक निर्धारित रूट में जाने के बजाए दूसरी तरफ चले जा रहे हैं. इस वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
हर सौ मीटर में लगाया जायेगा साईन बोर्ड
बताया गया कि कांटाटोली और उसके आसपास वाले मार्गों में हर सौ मीटर में साइन बोर्ड लगाया जाएगा. इससे वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक जाने में परेशानी नहीं होगी.
ऐसे जाना है कांटाटोली चौक
सिरमटोली और उसके आस पास से कांटाटोली जाने वाले वाहन चालकों को बहुबाजार तक आने दिया जाएगा. इसके बाद उन्हें संत पॉल कॉलेज के समीप बसर टोली गली से होते हुए बिशप स्कूल के पास जाएंगे. वहां से सीधे कांटाटोली चौक जाना है.
इसे भी पढ़ें: निलंबित IAS पूजा सिंघल के पति ने व्यक्तिगत उपस्थिति के छूट संबंधित याचिका को लिया वापस




