Fashion/Film/T.V

रिपोर्टर से उलझी कंगना रनौत, मीडिया करेगा अभिनेत्री के कवरेज का बायकॉट

Mumbai : भारतीय एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट्स गिल्ड ने कंगना की फिल्म जजमेंटल है क्या को पूरी तरह बायकॉट करने का फैसला किया है. फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के दौरान की गई तू-तू मैं-मैं को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत के बहिष्कार का फैसला लिया है.

गिल्ड का कहना है कि जबतक कंगना और मेकर्स की ओर से माफी नहीं मांगी जाती तब तक उन्हें मीडिया कवरेज नहीं दिया जाएगा. गिल्ड के प्रतिनिधिमंडल ने फिल्म निर्माता एकता कपूर के साथ बैठक कर उन्हें इस बात की जानकारी दी. जिसके बाद फिल्म के प्रोड्क्शन हाउस ने पूरी घटना पर माफी मांगी है.

एकता को पत्र लिख क्या कहा प्रतिनिधिमंडल ने

उल्लेखनीय है कि घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कंगना के खिलाफ विवाद खड़ा हो गया था. जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एकता को लिखे पत्र में कहा था कि हमने एक गिल्ड के रूप में मिल-जुलकर कंगना का बहिष्कार करने और उन्हें मीडिया कवरेज नहीं देने का फैसला किया है.

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बहिष्कार का फिल्म और उसकी बाकी टीम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

कंगना ने पत्रकार पर क्या लगाया था आरोप

गिल्ड के सदस्यों ने कहा कि फिल्म के प्रमोशन के लिए बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कंगना ने पीटीआई के पत्रकार जस्टिन राव के सवाल को बीच में काटते हुए कहा कि वह उन्हें “बदनाम करने के लिए अभियान” चला रहे हैं.

इस दौरान कंगना ने राव पर उनकी फिल्म “मणिकर्णिका” को लेकर नकारात्मक लेखन का भी आरोप लगाया था. कंगना ने कहा था कि तुम तो हमारे दुश्मन बन गए हो. बड़ी घटिया बातें लिख रहे हो. कितनी ज्यादा गंदी-गंदी बातें लिख रहे हो. इतना गंदा सोचते कैसे हो.

कंगना की इस बात का पत्रकार ने विरोध किया. जिसपर कंगना ने कहा कि तुम्हारे लिए ऐसा करना ठीक है? तुमने कहा कि मैं जिंगोस्टिक महिला हूं, जिसने मणिकर्णिका बनाई. क्या राष्ट्रवाद पर फिल्म बनाकर मैंने कोई गलती कर दी?

Related Articles

Back to top button