Sports

मातृ शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट सीजन 5: ज्योति महिला क्लब को परास्त कर विनर बना आदिवासी महिला समूह

Ranchi: मातृ शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवें सीज़न का विजेता आदिवासी महिला समूह बना है. बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची में खेले गए इस टूर्नामेंट के पांचवें सीज़न का फाइनल मैच बेड़ो की आदिवासी महिला समूह और घुंसुली की ज्योति महिला क्लब के बीच शनिवार को हुआ. इसमें आदिवासी महिला समूह ने विपक्षी टीम को 1-0 से पराजित किया. तीसरे स्थान के लिए तुमना की महिला फुटबॉल क्लब टीम ने हटिया की सूर्योदय महिला टीम को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से पराजित किया. टूर्नामेंट में मदर ऑफ द सीरीज घुंसुली टीम की लिलोनी सांगा को मिला. गोलकीपर ऑफ द सीरीज आदिवासी महिला समूह की संगीता कुमारी को मिला. प्रतियोगिता के बाद माताओं के लिए कैनरा बैंक की ओर से स्वास्थ्य किट भी दिया गया जिसमें उनके स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए सामग्रियां थी. कार्यक्रम में खेल निदेशक संदीप कुमार, झारखंड ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने इस टूर्नामेंट को एक अनोखा टूर्नामेंट बताते हुए इसे और भी जिलों तक ले जाने का आह्वान किया. महिला सशक्तिकरण का एक बेहतर तरीका बताते हुए उन्होंने माताओं को JSLPS  जैसी संस्था के कार्यक्रमों से जोड़ने को कहा ताकि उनके जीवनव्यापन का भी इंतज़ाम हो सके. झारखंड उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष स्वर्ण शेखर प्रसाद ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बड़े स्तर पर ले जाने के लिए जोर दिया.

गौरतलब है कि 24 समुदायों से संबंधित 32 टीमें बनाने वाली कुल 480 माताओं ने इस वर्ष टूर्नामेंट में भाग लिया था. संस्था प्रतिज्ञा के सौजन्य से इसका आयोजन 27 अक्टूबर से किया गया था जिसका समापन शनिवार को हुआ. प्रतिज्ञा झारखंड आधारित युवा संगठन है जो शिक्षा, बच्चों की सुरक्षा, युवा विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर झारखंड के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में काम करता है. वर्ष 2018 में, प्रतिज्ञा ने मातृ शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत की थी. इसमें शहरी बस्तियों तथा गांव की माताएं स्पोर्ट्स फॉर डेवलपमेंट पहल के तहत फुटबॉल खेलती हैं. टूर्नामेंट का उद्देश्य न केवल समुदाय की महिलाओं को फुटबॉल मैच खेलने के लिए आगे लाना था, बल्कि उन्हें सामाजिक मुद्दों के बारे में आवश्यक जानकारी देना भी था ताकि वे अपने परिवारों और समुदायों में अपना नेतृत्व स्थापित करने के लिए ज्ञान और कौशल प्राप्त कर सकें.

Related Articles

Back to top button