Dhanbad

धनबाद: राहुल गांधी के समर्थन में समाहरणालय का किया घेराव

Dhanbad: राहुल गांधी के समर्थन में धनबाद के कांग्रेसियों ने बुधवार को समाहरणालय का घेराव किया. हालांकि, धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन और घेराव आपसी मतभेदों की भेंट चढ़ गया. प्रदर्शन में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी कम थी. दावा 15 हजार कांग्रेसियों का प्रदर्शन में पहुंचने का किया गया था लेकिन 500 भी कांग्रेसियों का जुटान नहीं हुआ. कांग्रेस की झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह कहीं नहीं दिखी.

कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह नौ बजे से ही लुबी सर्कुलर रोड स्थिति पुराने जिला कांग्रेस कार्यालय के निकट जुटने लगे. दस बजे के करीब कांग्रेसी लुबी सर्कुलर रोड से पैदल मार्च करते हुए रणधीर वर्मा चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचे. पूर्व सूचना के कारण समाहरणालय के प्रवेश द्वार को बंद रखा गया था. यहां पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई थी. कांग्रेस गेट के बाहर ही प्रदर्शन करने लगे. केंद्र सरकार विरोधी नारेबाजी भी की. प्रदर्शन केन्द्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ किया गया.

कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह कर रहे थे. प्रदर्शन का सारा दारोमदार कार्यकर्ताओं पर रहा. प्रदेश कांग्रेस की ओर से पत्र जारी कर 15000 लोगों की भागीदारी तथा जिला स्तरीय आयोजनों में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक व प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया था. बावजूद प्रदर्शन में सिर्फ कार्यकर्ता ही दिखे. 15000 लोगों की संख्या जुटाने में भी पार्टी फिसड्डी साबित हुई.

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय की घेराबंदी व प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार बुधवार 19 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष को पूरी तरह से खत्म करने के लिए तानाशाही रवैया अपना रहे हैं. इसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में है.

वहीं कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी पर ध्यान न देकर मोदी सरकार ईडी, सीबीआई, सीआईडी, सुप्रीम कोर्ट, सेशन कोर्ट का दुरुपयोग कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या करने नहीं देंगे. मौके पर ब्रजेंद्र सिंह, प्रसाद निधि, योगेंद्र सिंह योगी, नवनीत नीरज, सतपाल सिंह ब्रोका सहित अन्य मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में पानी संकट पर डीसी ने की बीसीसीएल, टाटा, हर्ल सहित अन्य कंपनियों से जलापूर्ति के लिए टैंकर की संख्या बढ़ाने का अनुरोध

Related Articles

Back to top button