
- 34 विभागों के अलग-अलग पदों में बहाली के लिए निकाले गये विज्ञापन
- किसी में फॉर्म भरवाया गया, किसी में आवेदन रद्द तो किसी में प्रक्रिया अब तक पूर्ण नहीं
- जेपीएससी के गठन से परीक्षा लेने व अन्य कामों में खर्च हो चुके हैं 40 करोड़
Kumar Gaurav
Ranchi: सरकार राज्य में युवाओं को रोजगार देने के लिए तत्पर है. ऐसा सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक सभी कहते हैं. युवाओं को सरकारी नौकरी देने के लिए राज्य की दो महत्वपूर्ण सरकारी संस्थाएं भी हैं. जेएसएससी और जेपीएससी.
इन दोनों संस्थाओं के माध्यम से गजेटेड और नॉन गजेटेड पदों पर बहाली की जाती है. हम आज बात कर रहे हैं जेपीएससी की. जेपीएससी के जरिये होने वाली बहाली पर गौर करेंगे, तो पता चलेगा की सरकार युवाओं को नौकरी देने के मामले में कतई गंभीर नहीं है.
रघुवर दास की सरकार आने के बाद से राज्य में जेपीएससी द्वारा नौकरियों के लिए 50 बार विज्ञापन जारी किया गया. 50 विज्ञापन, 34 अलग-अलग विभाग या पदों के लिए हैं. बाकी को दोबारा या तीसरे बार निकाला गया है.
इसे भी पढ़ेंःआर्थिक क्षेत्र में मंदी की आशंका के बीच चुनावों में दरकिनार जरूरी सवाल
लेकिन राज्य के युवाओं का दुर्भाग्य ये है कि सरकार उन्हें नौकरी देना ही नहीं चाहती. ऐसा इसलिए, क्योंकि 50 विज्ञापनों में पांच को छोड़ दिया जाये तो अधिकत्तर नियुक्ति प्रक्रिया अधर में है और उसके पूरे होने की संभावना अभी फिलहाल नहीं दिख रही.
रघुवर दास की सरकार जेपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा तक पूरी करा पाने में असमर्थ दिख रही है. गौर करने वाली बात यह भी है कि जेपीएससी के गठन से लेकर अब तक परीक्षा लेने और अन्य कामों में 40 करोड़ खर्च हो चुके हैं. फिर भी परीक्षा का रिजल्ट गड़बड़झाला ही रहा.
जानें जेपीएससी नियुक्तियों का हाल
कौन-कौन से निकाले गये विज्ञापन और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया का क्या रहा हाल
असिस्टेंट इंजीनियर
जेपीएससी ने 29 सितंबर 2015 को असिस्टेंट इंजीनियर की नियुक्ति के लिए 15 अक्टूबर 2015 तक आवेदन मांगे. इसी के साथ ही असिस्टेंट इंजीनियर पद के बैकलॉग के लिए भी विज्ञापन साथ में ही मांगा गया था.
लेकिन परीक्षा नहीं हो सकी, इसलिए पुनः विज्ञापन जारी कर 12 नवंबर 2018 तक आवेदन मांगे गये. चार साल बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया परीक्षा फॉर्म भराने तक ही सीमित है.
इसे भी पढ़ेंःदो साल पहले बनी होटल मैनेजमेंट की बिल्डिंग, सरकार के सुस्त रवैये के कारण अब तक शुरू नहीं हुई पढ़ाई
असिस्टेंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर
असिस्टेंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर और सब डिविजनल एग्रीकल्चर ऑफिसर के विभिन्न पदों के लिए विज्ञापन जारी किये गये. प्रक्रिया, कैंडिडेट के नामों के सलेक्शन लिस्ट और रिजेक्शन लिस्ट तक ही आकर सिमटा हुई है.
सभी विवि के प्राचार्य पदों के लिए नियुक्ति
जेपीएससी ने 2016 में सभी विवि के लिए प्राचार्य पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे. नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण, बाद में फिर से 2018 में भी आवेदन मांगे गये थे.
इसके अलावा 2016 और 2018 दोनों ही बार प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसरों के लिए भी साथ में ही विज्ञापन मांगे गये थे. लेकिन 15 जनवरी 2019 को सभी को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया.
राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में नियुक्ति
जेपीएससी द्वारा 13 दिसंबर 2016 को राज्य के सभी पॉलिटेक्निक संस्थानों में लेक्चर्र के रेगुलर और बैकलॉग पदों के लिए बहाली निकाली गयी थी. रेगुलर के लिए 20 दिसंबर 2016 से 19जनवरी 2017 तक आवेदन मांगे गये. 80 पदों के लिए विज्ञापन मांगे गये थे, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है.
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में एचओडी नियुक्ति
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में एचओडी नियुक्ति के लिए 22 दिसंबर 2016 में ही विज्ञापन निकाले गये. 25 जनवरी 2017 तक आवेदन लिये गये. 12 पदों पर होने वाली इस बहाली का हाल भी प्रक्रियाधीन है. अभी तक फॉर्म भराने के अलावा अन्य कोई पहल नहीं हो पायी है.
इसे भी पढ़ेंः84 के सिख दंगों पर पित्रोदा का बयान हुआ तो हुआ… कांग्रेस की मानसिकता दर्शाता है : मोदी
जियोलॉजिस्ट और केमिस्ट नियुक्ति
जेपीएससी ने जनवरी 2017 में जियोलॉजिस्ट और केमिस्ट के 24 पदों के लिए विज्ञापन निकाला था. फॉर्म भरे गये. एक साल के बाद 06 सितंबर 2018 को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किये गये. परीक्षा हुई. उसके बाद की प्रक्रिया जेपीएससी ने अभी तक पूरी नहीं की है.
इसी के साथ साइंटिफिक अफसर की भी नियुक्ति निकाली गयी थी, इसे भी दो साल के बाद भी पूरा नहीं किया गया है.
यूनिवर्सिटी प्रोफेसर, मुख्य साइंटिस्ट, और जूनियर सांइटिस्ट
22 मई 2017 तक सहायक प्रोफेसर और जूनियर साइंटिस्ट के 4 पद के लिए आवेदन मांगे गये थे. आवेदन दिया गया. उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए भी बुलाया गया. चीफ साइंटिस्ट के 13 पदों के लिए भी आवेदन मांगे गये. 22 मार्च 2018 को सभी को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था.
जिला खेल पदाधिकारी
जिला खेल पदाधिकारी के 24 पदों के लिए 07 जून 2017 तक आवेदन मांगे गये थे. लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं हो सकी है.
बीआईटी संदरी बैकलॉग और रेगुलर बहाली
जेपीएससी ने सिंतबर 2016 में बीआईटी सिंदरी में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए रेगुलर और बैकलॉग बहाली निकाली थी. परीक्षा नहीं होने की स्थिति में फिर से मई 2017 में आवेदन मांग गये. फिर से अक्टूबर 2018 में ऑफलाइन आवेदन मांगे गये. साथ ही बैकलॉग बहाली को रद्द कर दिया गया.
अकाउंट अफसर
19 जनवरी 2015 को जेपीएससी ने अकाउंट ऑफिसर के 16 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था. चार साल के बाद 03 अप्रैल 2019 को विज्ञापन रद्द कर दिया गया.
पॉलिटेक्निक कॉलेज प्राचार्य
पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्राचार्य के 13 पदों के लिए जेपीएससी ने 26 मई 2017 को ही आवेदन आमंत्रित किये थे. एक साल बाद 21 मई 2018 को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए आवेदकों को बुलाया गया. लेकिन पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आज तक प्राचार्य नियुक्त नहीं हो सके हैं.
इसे भी पढ़ेंःटाइम मैग्जीन के कवर पर पीएम मोदी की फोटो, लिखा, इंडियाज डिवाइडर इन चीफ
668 हाई स्कूल हेडमास्टर
23 फरवरी 2017 को जेपीएससी ने 668 हाई स्कूल हेडमास्टर के लिए विज्ञापन निकाला था. 05 सितंबर 2017 तक आवेदन मांगे गये. स्कूल बिना हेडमास्टर के चलते रहे लेकिन दो विज्ञापन निकालने के दो साल बाद भी शिक्षा जैसे गंभीर मामलों पर भी जेपीएससी और सरकार जरा भी गंभीर नहीं दिख रही.
विवि लाइब्रेरियन, पशुचिकित्सक और कृषि विवि में सहायक प्रोफेसर बहाली
जेपीएससी द्वारा जारी विवि लाइब्रेरियन के लिए दस नवंबर 2017 तक आवेदन मांगे गये थे. इसके अलावा कृषि विवि, पशुचिकित्सा महाविद्यालय एवं रांची कृषि विवि नियमित एवं बैकलॉग बहाली की जानी थी. लेकिन प्रक्रिया अभी तक नहीं हो सकी. वहीं कृषि विवि के लिए ही प्रोफेसर पदों के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कर लिया गया है. नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है.
असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली
राज्य के सभी विवि में असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए 2016 में ही विज्ञापन जारी किया गया था. फॉर्म भरे गये पर प्रक्रिया चालू नहीं हो सकी. दोबारा फिर से विज्ञापन के लिए 31अगस्त 2018 के लिए आवेदन मांगे गये. लेकिन इसे भी अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया.
सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी
जेपीएससी ने सितंबर 2018 में सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी के 56 पदों पर आवेदन मांगे हैं. आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर थी. झारखंड राज्य आवास विभाग के अंतर्गत होने वाली इस बहाली की प्रक्रिया भी सभी नियुक्तियों की तरह ही सुस्त हो गयी है. किसी भी तरह का कोई नोटिफिकशन अभी तक नहीं निकाला गया है.
उप समाहर्ता बैकलॉग के लिए मांगे थे ऑफलाइन आवेदन
पांचवीं जेपीएससी के जरिये झारखंड प्रशासनिक सेवा के मूल कोटि के उप समाहर्ता पद पर नियुक्ति के लिए बोर्ड ने 10 जनवरी 2013 के बैकलॉग पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन मांगे थे. 12 नवंबर 18 तक आवेदन मांगे गये थे.
लेकिन अभी तक प्रक्रिया चालू नहीं हो सकी है. इसके साथ ही छठी सिविल सेवा के उप समाहर्ता के 28 पदों के लिए भी आवेदन मांगे गये हैं लेकिन प्रक्रिया चालू ही नहीं हो सकी है.
फिर से निकाली है कई बहाली
जेपीएससी ने 2019 में सिविल जज, जूनियर जज, नीलांबर-पीतांबर विवि में कुलपति, पब्लिक प्रोक्यूटर, असिस्टेंट प्रोफेसर और मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के लिए पदों पर बहाली निकाली है. इसके अलावा असिस्टेंट पारा मेडिकल स्टाफ के लिए बहाली निकाली गयी थी, लेकिन रद्द कर दी गयी.
इसे भी पढ़ेंःहोने लगी एनडीए में पीएम बदलने की मांग, जदयू नेता ने कहा- नीतीश बनें प्रधानमंत्री




