JharkhandLead NewsRanchi

झामुमो अब जमीन मारो मोर्चा, हेमंत के खिलाफ बयान देनेवाले उनके बचपन के दोस्त अभिषेक पिंटू को मिले सुरक्षाः अजय आलोक

Ranchi : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में झामुमो को निशाने पर लिया. कहा कि यहां के लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन को चुना था. सोचा था कि वे उनकी और उनकी जमीन की रक्षा करेंगे. पर आज स्थिति यह है कि झामुमो जमीन मारो मोर्चा बन चुका है. आदिवासियों के हितों की रक्षा करने के बजाय यह मोर्चा जमीन लूट में शामिल हो गया. इस मोर्चा के सरदार जमीन लूट के चलते जेल में हैं. वे सहानुभूति बटोरने में लगे हैं. देश का इतिहास बताता है कि सजायाफ्ता नेताओं को फिर सहानुभूति नहीं मिलती. मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश मीडिया प्रवक्ता अनिमेश सिंह भी उपस्थित थे.

पिंटू को मिले सुरक्षा

अजय आलोक के मुताबिक, हेमंत सोरेन की जमीन लूट के मामले में उनके बचपन के दोस्त अभिषेक पिंटू ने गवाही दी है. इसके बाद से वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. छिपते फिर रहे हैं. ऐसे में उनकी अपील राज्य सरकार से है कि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा दे. साढ़े आठ एकड़ जमीन की तरह जानें कितनी जगहों पर हेमंत की जमीन होगी. जब वे बचपन के दोस्त पिंटू तक को नहीं छोड़ रहे तो राज्य को क्या छोड़ेंगे. आज हेमंत सोरेन में लालूजी की आत्मा घुस गयी है. वे नाखून कटा कर शहीद होने की बात कर रहे हैं.

जीतेंगे सभी 14 सीटें

राष्ट्रीय प्रवक्ता के अनुसार, बिहार औऱ झारखंड दोनों पीएम की दो आंखें हैं. वे इस राज्य में हो रही गड़बड़ियों, करप्शन से आंखें नहीं मूंद सकते. इस राज्य को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया. अब भाजपा ही इसे गढ़ेगी. छत्तीसगढ़ में पिछले पांच सालों में कांग्रेस ने उसे निचोड़ कर फेंक दिया. यहां भी अब झामुमो के साथ घमंडिया गठबंधन यही करने में लगा है. इस राज्य को 1990 में ही बन जाना चाहिए था. पर लालू प्रसाद के साथ मिल कर शिबू सोरेन ने सौदा कर लिया. भ्रष्टाचार के पैसे अपने एकाउंट में लिये. लालू यादव ने तो कहा था कि मेरी लाश पर झारखंड बनेगा. अगर अटल नहीं होते तो राज्य नहीं बनता. ऐसे में अब मोदीजी इस राज्य को गढ़ने के लिए लगे हैं. कोई सोच सकता था कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनेंगी. इससे पहले दलित समाज से रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बने. मोदीजी राजनीतिक भूकंप लाते रहते हैं कि समाज के सबसे पिछड़े समाज को लीड करने का मौका मिले. भाजपा झामुमो की तरह जमीन मारो मोर्चा नहीं. आदिवासियों की, लोगों के पैसे लूटने में यहां सरकार लगी है. आप चोरी करेंगे 200-300 करोड़, 5-5 हजार करोड़. जमीन, खनिज संसाधनों को लूटेंगे. ऐसे में जनता कब तक सहेगी. कांग्रेस का संरक्षण भी इस सरकार को है. कमिशन का पैसा उनके पास भी जाता है. साढ़े 300 करोड़ का कैश इसके नेता के पास निकले थे. आखिर कहां से इतनी राशि आती है. केंद्र सरकार नहीं, घमंडिया गठबंधन के कर्म उन्हें परेशान कर रहे हैं. इस लोकसभा चुनाव में भी भाजपा अच्छा प्रदर्शन करते चौदहों सीट जीतेगी. विधानसभा चुनाव में भी यहां भाजपा की सरकार बनेगी.

इसे भी पढ़ें – निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारी 15 अप्रैल तक अपनी तैयारियों की रिपोर्ट दें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

Related Articles

Back to top button